जनपद में फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को सिकरीगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। आरोपी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से रुपये ऐंठता था और खुद को…पढिए पूरी खबर

गोरखपुर: जनपद में फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को सिकरीगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। आरोपी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से रुपये ऐंठता था और खुद को उत्तर प्रदेश पुलिस का निरीक्षक बताकर रौब जमाता था।
क्या है पूरी खबर?
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद गोरखपुर डॉ. कौस्तुभ (आईपीएस), पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी (पीपीएस) तथा क्षेत्राधिकारी खजनी कमलेश कुमार सिंह (पीपीएस) के कुशल निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। थाना सिकरीगंज के थानाध्यक्ष आशीष कुमार तिवारी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक बैजनाथ बिंद, उपनिरीक्षक दीपक कुमार, कांस्टेबल राजू यादव व कांस्टेबल संदीप कुमार की टीम ने मुखबिर की सूचना पर 10 फरवरी 2026 को कस्बा सिकरीगंज से अभियुक्त को धर दबोचा।
पुलिस को आरोपी की पहचान
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान दिग्विजय नाथ पुत्र स्व. रामलाल निवासी ग्राम लखवापाकड़ थाना बेलघाट जनपद गोरखपुर, उम्र करीब 55 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से उत्तर प्रदेश पुलिस की इंस्पेक्टर रैंक की वर्दी, नेम प्लेट, बैज, पीकेप, फर्जी पुलिस आईडी कार्ड, बैरट कैप, बेल्ट, स्टार, मोनोग्राम, पेनड्राइव, मोबाइल फोन तथा एक नीले रंग की अल्टो कार बरामद की गई है।
घटना क्रम के अनुसार, जनसुनवाई से प्राप्त प्रार्थना पत्र की जांच के दौरान पीड़ित धीरज शर्मा ने पुलिस को आरोपी की पहचान कराई।
नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी
सिकरीगंज-बेलघाट मार्ग पर जब संदिग्ध कार को रोका गया तो आरोपी पुलिस इंस्पेक्टर की वर्दी में मौजूद था और थाने चलने से आनाकानी करने लगा। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसकी सच्चाई सामने आ गई। उसने स्वीकार किया कि वह कूटरचित दस्तावेजों के सहारे खुद को पुलिस अधिकारी बताकर लोगों से नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करता था।
सरकारी कार्य के नाम पर...
बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध मु0अ0सं0 32/2026, धारा 204, 205, 319(2), 318(2), 338, 336(3), 339, 340(2) बीएनएस के तहत थाना सिकरीगंज में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। आरोपी को माननीय न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि किसी भी नौकरी या सरकारी कार्य के नाम पर मांगी जा रही रकम के झांसे में न आएं और ऐसे मामलों की तत्काल पुलिस को सूचना दें।