
राजघाट पुलिस ने तीन शातिरों को दबोचा फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज
Gorakhpur: गोरखपुर जुए और खेल में भारी रकम जिताने का लालच देकर लोगों को ठगने वाले गिरोह के खिलाफ राजघाट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना राजघाट पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में वांछित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 30 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस अब मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
क्या है पूरी खबर?
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश, क्षेत्राधिकारी कोतवाली के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष राजघाट गौरव कुमार वर्मा के नेतृत्व में की गई। उ0नि0 मो0 शादाब और पुलिस टीम ने थाना राजघाट पर दर्ज मुकदमा संख्या 90/2026 के तहत कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
20 लाख रुपये दिलाने की बात
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने एक व्यक्ति को जुआ और खेल में बड़ी जीत दिलाने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया। आरोपियों ने पीड़ित से कुल 20 लाख रुपये दिलाने की बात कही और शुरुआत में मौके पर ही 30 हजार रुपये नकद ले लिए। वहीं शेष 19 लाख 70 हजार रुपये बाद में देने की बात कहकर ठगी की साजिश रची गई। पीड़ित की तहरीर पर राजघाट थाने में धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रामू राजभर निवासी धतुरा थाना गौरीबाजार जनपद देवरिया, सतीश चौधरी निवासी कुसुम्हा थाना मुण्डेरवा जनपद बस्ती तथा केसव गुप्ता निवासी मिश्रौलिया थाना खजनी जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 30 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में धारा 318(2), 318(4) और 317(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष गौरव कुमार वर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक उमेश कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक मो0 शादाब, कांस्टेबल सुनील यादव, आशीष वर्मा और मनीष कुमार शामिल रहे। पुलिस अब ठगी नेटवर्क के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
Location : गोरखपुर
Published : 21 May 2026, 7:04 PM IST
Topics : crime news Gorakhpur News Latest News UP News