गाजीपुर में रूह कंपा देने वाला हादसा: ट्रेलर ने बाइक सवार तीन दोस्तों को 100 मीटर तक घसीटा, मौके पर दर्दनाक मौत

गाजीपुर के नोनहरा क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया और करीब 100 मीटर तक घसीटता रहा। हादसे में तीनों की मौके पर मौत हो गई। बारात से लौटते समय हुआ यह दर्दनाक हादसा पूरे इलाके में शोक का कारण बन गया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 25 May 2026, 12:14 PM IST

Ghazipur: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के नोनहरा थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बौरी चट्टी के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया। टक्कर इतनी भयावह थी कि ट्रेलर उन्हें करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

बारात से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, इंग्लिश गांव से एक बारात कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के खेताबपुर गांव गई थी। बारात समारोह से लौटते समय रात करीब 11 बजे तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर अपने गांव वापस जा रहे थे। जैसे ही वे बौरी चट्टी के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

मौके पर पहुंची पुलिस, ट्रेलर चालक गिरफ्तार

हादसे की सूचना मिलते ही नोनहरा थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों की मदद से घटना की जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इलाके में नाकाबंदी कर ट्रेलर और उसके चालक को वाहन समेत पकड़ लिया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Ghazipur News: मां जेल में, बेटियां क्लास में! गाजीपुर जिला जेल ने रचा नया इतिहास; जानें पूरा मामला

मृतकों की पहचान और परिवारों में कोहराम

इस हादसे में इंग्लिश गांव निवासी सुमित कुमार (21), पुत्र अजय राम, नीरज कुमार (18), पुत्र योगेंद्र राम और हंसराजपुर निवासी नितेश राम (17), पुत्र सूरज राम की मौत हो गई। नितेश, योगेंद्र राम का भांजा बताया गया है। तीनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतकों के परिवारों की स्थिति बेहद दर्दनाक बताई जा रही है। नीरज कुमार चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था और उसके छोटे भाई की भी एक वर्ष पहले सड़क हादसे में मौत हो चुकी थी। परिवार मजदूरी कर जीवन यापन करता है। मां हैवंती देवी बेटे की मौत से बेसुध हैं और घर में मातम पसरा हुआ है।

सुमित था कबड्डी खिलाड़ी

सुमित कुमार अपने परिवार में सबसे छोटा था। वह दो भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटा था और कबड्डी का अच्छा खिलाड़ी माना जाता था। पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की अचानक मौत से मां राधिका देवी समेत पूरा परिवार सदमे में है।

Ghazipur News: शिक्षक ने की क्रूरता की हदें पार! प्रोनाउन नहीं बताने पर छात्र को दी ये सजा; पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

नितेश कर रहा था प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी

तीसरा मृतक नितेश राम बनारस में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। वह दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता भी मजदूरी करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां संतरा देवी बेसुध हो गईं और पूरे घर में कोहराम मच गया।

गांव में शोक, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

तीनों युवकों की दर्दनाक मौत के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों ने ट्रेलर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है और पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Ghazipur

Published :  25 May 2026, 12:14 PM IST