हिंदी
पैसिफिक मॉल में लगी भीषण आग
Ghaziabad: गाजियाबाद के साहिबाबाद स्थित पैसिफिक मॉल में गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब सिनेमा हॉल के अंदर अचानक आग लग गई। लोग आराम से फिल्म का आनंद ले रहे थे, तभी अचानक हॉल के अंदर धुआं फैलने लगा। कुछ ही देर में स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि पूरे मॉल में हड़कंप मच गया। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। चीख-पुकार और भगदड़ के बीच मॉल में मौजूद लोगों को तुरंत बाहर निकालने का काम शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि आग सिनेमा हॉल के प्रोजेक्टर रूम में लगी थी।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग तुरंत हरकत में आया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के मुताबिक थाना लिंक रोड क्षेत्र के पैसिफिक मॉल में आग लगने की जानकारी मिलते ही फायर विभाग की कई यूनिट्स मौके के लिए रवाना कर दी गईं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी गाजियाबाद, प्रभारी अग्निशमन अधिकारी वैशाली और दमकल कर्मियों की टीम कुछ ही देर में घटनास्थल पर पहुंच गई। जब फायर टीम मौके पर पहुंची तो वहां का नजारा बेहद डरावना था। सिनेमा हॉल के प्रोजेक्टर रूम में आग तेजी से फैल चुकी थी और धुएं ने पूरे मॉल को अपनी चपेट में ले लिया था। आग की वजह से विजिबिलिटी भी काफी कम हो गई थी, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में परेशानी आ रही थी।
महापंचायत को लेकर गांव-गांव बैठकें, गाजियाबाद में इस दिन टिकैत पर सबकी नजर
फायर अधिकारियों के अनुसार आग सबसे पहले प्रोजेक्टर रूम में लगी थी। वहां मौजूद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और वायरिंग की वजह से आग तेजी से फैलने लगी। कुछ ही देर में प्रोजेक्टर रूम से उठता धुआं मूवी हॉल तक पहुंच गया। स्थिति को गंभीर होता देख तुरंत पूरे मॉल को खाली कराया गया। दमकल कर्मियों ने बिना समय गंवाए आग बुझाने का काम शुरू किया। इसके लिए होज पाइप की आठ लाइनें बिछाई गईं। साथ ही मॉल में मौजूद फायर फाइटिंग सिस्टम का भी इस्तेमाल किया गया। धुएं और गर्मी के बीच फायर कर्मियों ने बीए सेट यानी ब्रीदिंग उपकरण पहनकर अंदर प्रवेश किया और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की।
आग की विकरालता को देखते हुए फायर स्टेशन कोतवाली और फायर स्टेशन साहिबाबाद से भी अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलानी पड़ीं। कुल 10 फायर टेंडर्स मौके पर लगाए गए। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे तक लगातार मशक्कत की। इस दौरान सबसे बड़ी चुनौती आग को आसपास की दुकानों और ऑडी तक फैलने से रोकना था। फायर विभाग की टीम ने सूझबूझ और तेजी से काम करते हुए आग को कंट्रोल कर लिया। अगर थोड़ी भी देर होती तो आग पूरे मॉल को अपनी चपेट में ले सकती थी। राहत की बात यह रही कि समय रहते लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई।
आग बुझने के बाद भी काफी देर तक पूरा मॉल धुएं से भरा रहा। फायर विभाग ने एग्जास्ट सिस्टम की मदद से धुएं को बाहर निकालने का काम शुरू किया। सुरक्षा के लिहाज से कुछ समय तक मॉल को पूरी तरह खाली रखा गया। मॉल के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। जो लोग अंदर मौजूद थे, वे बाहर निकलने के बाद काफी डरे हुए नजर आए। कई लोगों ने बताया कि अचानक धुआं फैलने से उन्हें समझ ही नहीं आया कि क्या हो रहा है। कुछ लोग तो घबराहट में बच्चों को लेकर भागते दिखाई दिए।
Location : Ghaziabad
Published : 21 May 2026, 2:38 PM IST