
मां-बाप की लड़ाई में पिस गया 1204 बच्चों का बचपन (Image: Dynamite News)
Ghaziabad News: पति-पत्नी के बीच बढ़ती दूरियां सिर्फ दो लोगों के रिश्ते को नहीं तोड़ती, बल्कि इसका सबसे बड़ा असर उन बच्चों पर पड़ता है, जिनकी पूरी दुनिया अपने माता-पिता के आसपास घूमती है। जब परिवार में विवाद बढ़ता है या रिश्ता टूटने की कगार पर पहुंच जाता है तो बच्चों के सामने सबसे बड़ा संकट खड़ा हो जाता है कि वे किसके साथ रहें और किस रिश्ते को अपना सहारा मानें। कई बच्चों को मां की ममता से दूरी झेलनी पड़ती है तो कई के सिर से पिता का साया छिन जाता है।
गाजियाबाद में बढ़ रहे पारिवारिक विवाद के मामले
गाजियाबाद में महिला थाना और परिवार परामर्श केंद्र तक पहुंच रहे मामलों के आंकड़े भी इसी ओर इशारा कर रहे हैं। यहां पति-पत्नी के विवाद और पारिवारिक कलह से जुड़े मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। आंकड़ों के मुताबिक, साल 2025 के पहले सात महीनों में पारिवारिक विवाद से जुड़ी 1219 शिकायतें दर्ज हुई थी। वहीं साल 2026 की इसी अवधि में यह संख्या बढ़कर 1542 तक पहुंच गई। यानी एक साल में मामलों में करीब 26.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
1204 मामलों में बच्चों पर पड़ा सीधा असर
परिवार परामर्श केंद्र की प्रभारी पुष्पा सिंह का कहना है कि साल 2026 में सामने आए मामलों में से 1204 ऐसे हैं, जिनमें बच्चे भी सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं। उन्होंने बताया कि कई बच्चे माता-पिता के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद, अलगाव या पुनर्विवाह के कारण मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं। उनके सामने भावनात्मक असुरक्षा की स्थिति पैदा हो जाती है। कई बार बच्चे यह समझ नहीं पाते कि बदलते पारिवारिक माहौल में उनकी भूमिका क्या होगी और उनका भविष्य कैसा होगा।
हर परिवार की कहानी अलग, बच्चों का दर्द एक जैसा
परामर्श केंद्र में आने वाले हर मामले की वजह अलग होती है। कहीं पति-पत्नी के बीच आपसी मतभेद होते हैं तो कहीं आर्थिक परेशानी, विश्वास की कमी या अन्य कारणों से रिश्तों में दूरी बढ़ जाती है। लेकिन इन सभी मामलों में एक बात समान होती है और वह है बच्चों पर पड़ने वाला मानसिक दबाव। विशेषज्ञों के मुताबिक, परिवार में तनाव का माहौल बच्चों के आत्मविश्वास और भावनात्मक विकास को प्रभावित कर सकता है। ऐसे समय में बच्चों को सबसे ज्यादा जरूरत होती है कि माता-पिता अपने मतभेदों के बीच भी उनकी भावनाओं और भविष्य का ध्यान रखें।
Location : Ghaziabad
Published : 8 August 2026, 5:11 PM IST