
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर-ट्रॉली
Moradabad: मुरादाबाद जिले के मैनाठेर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया। संभल-मुरादाबाद हाईवे पर असदपुर पुलिया के पास तेज रफ्तार डंपर ने ट्रैक्टर ट्रॉली में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई और ट्रॉली में सवार लोग सड़क पर जा गिरे। सुबह करीब छह बजे हुए इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
भात न्योत से लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार संभल जिले के कैलादेवी थाना क्षेत्र के भटोला गांव निवासी उषा अपनी बेटी की शादी की तैयारियों में जुटी हुई थीं। पांच दिन बाद बेटी की शादी होनी थी। इसी सिलसिले में उषा अपने परिवार की महिलाओं और रिश्तेदारों के साथ मैनाठेर के गुरेर गांव अपने मायके में भात न्योत कार्यक्रम में शामिल होने आई थी।
गुरुवार रात परिवार मायके में ही रुका था। शुक्रवार सुबह सभी लोग ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। परिवार में शादी की खुशियां थीं, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि रास्ते में ऐसा दर्दनाक हादसा उनका इंतजार कर रहा है।
पीछे से आई तेज रफ्तार और मच गया कोहराम
जैसे ही ट्रैक्टर ट्रॉली संभल रोड पर असदपुर पुलिया के पास पहुंची, तभी मुरादाबाद की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रॉली में बैठे लोग उछलकर नीचे गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को संभालने में मदद की।
चार लोगों की मौत, कई घायल
इस दर्दनाक हादसे में अजीत (10), सृष्टि, शांति देवी (55) और सुमन (30) की मौत हो गई। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल 14 लोगों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। घायलों में कई महिलाओं और बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम लगातार उपचार में जुटी हुई है।
डंपर चालक मौके से फरार
हादसे के तुरंत बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों की मदद से चालक की तलाश कर रही है।
पुलिस जांच में जुटी
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
Location : Moradabad
Published : 24 April 2026, 3:27 PM IST