सड़क हादसे के पीड़ित परिवारों से मिले पूर्व मंत्री सुशील टिबड़ेवाल, आर्थिक मदद देकर हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा

महराजगंज के रजवल मदरहा गांव में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले दो युवकों के परिजनों से पूर्व मंत्री और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार टिबड़ेवाल ने मुलाकात की। उन्होंने आर्थिक सहायता देने के साथ प्रशासन से उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव की बदहाल सफाई व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 28 July 2026, 9:58 PM IST

Maharajganj: महराजगंज जिले में हाल ही में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर पीड़ित परिवारों से मुलाकात का सिलसिला जारी है। मंगलवार को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबड़ेवाल रजवल मदरहा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों के परिजनों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाते हुए उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में वह और उनकी पार्टी परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।

24 जुलाई की रात कोठीभार थाना क्षेत्र के बरवा द्वारिका के पास हुए भीषण सड़क हादसे में ग्रामसभा रजवल मदरहा निवासी कृष्णा और उनके चचेरे भाई शिवलाल की मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। मंगलवार को पूर्व मंत्री सुशील टिबड़ेवाल पीड़ित परिवारों के घर पहुंचे और परिजनों से घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने परिवार के सदस्यों की पीड़ा सुनी और उन्हें हिम्मत बनाए रखने की सलाह दी।

प्रशासन से मुआवजे और सरकारी सहायता की मांग

मुलाकात के दौरान मृतकों के परिजनों ने पूर्व मंत्री को बताया कि हादसे के कई दिन बीत जाने के बावजूद अब तक कोई जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी उनके घर हालचाल जानने नहीं पहुंचा। इस बात पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसे मामलों में प्रशासन को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए और पीड़ित परिवारों तक तत्काल सहायता पहुंचानी चाहिए। सुशील टिबड़ेवाल ने कहा कि वह प्रशासन से दोनों परिवारों को उचित मुआवजा और हर संभव सरकारी सहायता दिलाने की मांग करेंगे।

डीएम का सख्त अल्टीमेटम: महराजगंज की रैंकिंग गिरी तो होगी कार्रवाई, लापरवाह कर्मचारियों की सेवा समाप्ति तक के निर्देश

दोनों परिवारों को दी आर्थिक सहायता

पूर्व मंत्री ने मौके पर दोनों पीड़ित परिवारों को पांच-पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की। उन्होंने कहा कि यह आर्थिक सहयोग भले ही छोटा हो, लेकिन इसका उद्देश्य पीड़ित परिवारों को यह एहसास कराना है कि वे अकेले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि एक ही गांव के दो युवकों की असमय मौत बेहद दुखद है।

ग्रामीणों ने उठाया सफाई व्यवस्था का मुद्दा

पूर्व मंत्री के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने सिर्फ हादसे की बात ही नहीं रखी, बल्कि गांव की बदहाल सफाई व्यवस्था का मुद्दा भी उनके सामने उठाया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कई नालियां जाम हैं, कई जगह टूट चुकी हैं और नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी फैली रहती है। उन्होंने यह भी बताया कि मृतकों के घर के बाहर भी नालियां गंदगी से भरी हुई हैं, जिससे लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने सफाईकर्मियों की नियमित तैनाती और नालियों की सफाई कराने की मांग की।

महराजगंज में तेज रफ्तार का कहर, इलाज कराकर लौट रही 3 साल की मासूम को बाइक ने रौंदा; चालक फरार

बड़ी संख्या में मौजूद रहे कार्यकर्ता और ग्रामीण

पूर्व मंत्री के दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। इस मौके पर प्रवीण सिंह, सहजाद, शैलेश अग्रवाल, सुरेंद्र भारतीय, जाफर अली, अमरनाथ यादव, हीरालाल, राजन यादव, रघुवर यादव, फिरोज अहमद, राकेश यादव, अशोक चौहान, अहमद हुसैन समेत कई लोग उपस्थित रहे।

Location :  Maharajganj

Published :  28 July 2026, 8:04 PM IST