जेल से लौटते वक्त अतीक अहमद के बेटे का तांडव, फतेहपुर में अली के 11 वाहनों पर चला पुलिस का डंडा

फतेहपुर से अतीक के बेटे अली अहमद के काफिले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। टोल प्लाजा पर कर्मचारियों से अभद्रता और कुचलने की कोशिश पर पुलिस ने 11 वाहनों पर केस दर्ज किया है।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 11 August 2026, 1:22 PM IST

Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक बड़ी और सनसनीखेज घटना सामने आई है। पूर्वांचल के कुख्यात माफिया अतीक अहमद के बेटे अली अहमद का काफिला जब शनिवार को इस जिले से गुजरा, तो उसके पीछे चल रहे वाहनों ने जमकर बवाल काटा। स्थिति यह बन गई कि टोल प्लाजा पर कर्मचारियों के साथ बदसलूकी की गई और बैरिकेडिंग तोड़कर जबरन गाड़ियां निकालने की कोशिश हुई। इस मामले में पुलिस ने कड़ाई दिखाते हुए दो अलग-अलग थानों में कुल 11 वाहनों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कर लिए हैं।

टोल प्लाजा पर हंगामा, कर्मचारियों पर चढ़ाने की कोशिश

घटना बीते शनिवार दोपहर करीब तीन बजे की बताई जा रही है। अली अहमद उस समय पैरोल पर झांसी जेल से प्रयागराज जा रहा था। पुलिस की अभिरक्षा में उसका काफिला जब फतेहपुर की सीमा से निकल रहा था, तब उसके समर्थकों की कई गाड़ियां भी पीछे-पीछे चल रही थीं। आरोप है कि जब काफिला बड़ौरी और कटोघन टोल प्लाजा के पास पहुंचा, तो वहां तैनात कर्मियों ने नियम के मुताबिक गाड़ियां रोकने या टोल टैक्स की बात कही। इससे भड़के काफिले में शामिल लोगों ने कर्मचारियों के साथ जमकर गाली-गलौज की और उन्हें कुचलने की नीयत से गाड़ियों को उन पर चढ़ाने का प्रयास किया।

अतीक अहमद के बेटे को झांसी जेल में किया शिफ्ट, जाते हुए कहा- मैं तो वकालत कर रहा था, लेकिन…

दो अलग-अलग थानों में दर्ज हुआ मुकदमा

हंगामे की इस पूरी घटना के बाद टोल प्रशासन ने तुरंत पुलिस का दरवाजा खटखटाया। बड़ौरी टोल प्लाजा के मैनेजर जितेंद्र सिंह ने कल्यानपुर थाने में लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने नंबरों के जरिए 10 वाहनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। वहीं दूसरी ओर, कटोघन टोल प्लाजा के सहायक मैनेजर की शिकायत पर खागा कोतवाली पुलिस ने भी 11 लग्जरी कारों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों थानों में मिली तहरीरों के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

बड़ी खबर: माफिया अतीक अहमद के बेटे असद के एनकाउंटर के बाद UP STF के ADG अमिताभ यश की पहली प्रतिक्रिया आयी सामने

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, आगे होगी सख्त कार्रवाई

फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच में जुटी है। दोनों टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि काफिले में शामिल एक-एक गाड़ी और उसमें मौजूद लोगों की पहचान की जा सके। कल्याणपुर थाना प्रभारी तुषार श्रीवास्तव और खागा कोतवाली प्रभारी संजय कुमार पांडेय ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि वीडियो और सबूतों के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Fatehpur

Published :  11 August 2026, 1:21 PM IST