Muzaffarnagar Theft: मुजफ्फरनगर में हैरान करने वाली चोरी, पुलिस के सामने ही उड़ा हजारों का माल

ईद के त्योहारी सीजन में जहां बाजारों में खरीदारी का दौर तेज हो गया है, वहीं चोर भी इस भीड़ का फायदा उठाकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के कूकड़ा ब्लॉक चौक का है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 13 March 2026, 7:04 PM IST

Muzaffarnagar: ईद के त्योहारी सीजन में जहां बाजारों में खरीदारी का दौर तेज हो गया है, वहीं चोर भी इस भीड़ का फायदा उठाकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के कूकड़ा ब्लॉक चौक का है, जहां पुलिस बीट के ठीक सामने एक शातिर चोर ने दुकानदार का सामान भरा पोली बैग चोरी कर लिया। हैरानी की बात यह है कि यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

बताया जा रहा है कि चोर इतनी चालाकी से वारदात को अंजाम देकर फरार हुआ कि दुकानदार को घटना का तुरंत पता भी नहीं चल सका।

मोबाइल पर बात करते हुए आया और बैग लेकर हो गया फरार

दुकानदार कँवरपाल प्रजापति के अनुसार वह अपनी दुकान पर ग्राहकों को सामान बेचने में व्यस्त थे। इसी दौरान एक युवक मोबाइल फोन पर बात करते हुए दुकान के पास पहुंचा। युवक ने बिल्कुल सामान्य अंदाज में दुकान के बाहर रखा एक पोली बैग उठाया और आराम से वहां से निकल गया।

पोली बैग में करीब 50 हजार रुपये की कीमत की जींस, पैंट और अन्य कपड़े रखे हुए थे। दुकानदार को जब सामान गायब होने का पता चला तो उन्होंने तुरंत आसपास तलाश शुरू की, लेकिन तब तक चोर मौके से फरार हो चुका था।

Ballia Police Action: चोरों के बढ़ते हौसलों पर पुलिस ने कसी कमर, बड़ी कार्रवाई को दिया अंजाम

CCTV कैमरे में कैद हुई पूरी घटना

घटना के बाद जब दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी गई तो पूरा मामला सामने आ गया। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि चोर बिना किसी हड़बड़ी के बैग उठाकर वहां से चला जाता है, मानो वह कोई सामान खरीदकर ले जा रहा हो। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के दुकानदारों में भी चिंता बढ़ गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

दुकानदार ने तुरंत नई मंडी कोतवाली पुलिस को घटना की सूचना दी और लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर चोर की पहचान करने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।पुलिस का कहना है कि आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों और सर्विलांस फुटेज की भी जांच की जा रही है, ताकि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

BJP विधायक भूपेश चौबे के बयान पर सियासी भूचाल, सपा पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जताई कड़ी आपत्ति; जानिये क्या बोले?

ईद के सीजन में बढ़ी चोरी की घटनाएं

स्थानीय लोगों का कहना है कि ईद के चलते बाजारों में भारी भीड़ उमड़ रही है, जिसका फायदा उठाकर चोर सक्रिय हो गए हैं। इससे पहले भी शहर के शिव चौक और आसपास के क्षेत्रों में पर्स लूट और चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

लगातार हो रही ऐसी घटनाओं के बाद व्यापारियों ने पुलिस से बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था और गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि त्योहारी सीजन में चोरी और लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Location : 
  • Muzaffarnagar

Published : 
  • 13 March 2026, 7:04 PM IST