फतेहपुर में वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़, 148 कछुओं के साथ दो तस्कर गिरफ्तार; RPF ने पकड़ी 40 लाख की खेप

फतेहपुर रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने सघन चेकिंग के दौरान 148 जीवित कछुओं के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। कछुओं की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है। दोनों आरोपी ट्रेन से तस्करी की फिराक में थे।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 4 February 2026, 12:48 PM IST

Fatehpur: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर रेलवे स्टेशन पर चल रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। आरपीएफ टीम ने वन्यजीव तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 148 जीवित कछुओं के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद कछुओं की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 40 लाख रुपये बताई जा रही है।

जीजा-साले निकले तस्कर

आरपीएफ कमांडर राजिंदर कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी आपस में जीजा-साले हैं। इनमें से एक की पहचान उमेश कंजड़ निवासी महेसुवा, थाना हनुमानगंज, जिला सुल्तानपुर के रूप में हुई है। दोनों आरोपी रेलवे स्टेशन पर बोरे और बैग लेकर घूम रहे थे, जिसे देखकर आरपीएफ टीम को संदेह हुआ।

तलाशी में सामने आई सच्चाई

आरपीएफ कर्मियों ने जब संदिग्धों के बोरे और बैग की तलाशी ली तो उसके अंदर से 148 जीवित कछुए बरामद किए गए। कछुओं को बेहद अमानवीय तरीके से बोरे में भरकर ले जाया जा रहा था। मौके पर ही दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया और उनसे पूछताछ शुरू की गई।

फतेहपुर में दहेज के लिए महिला की हत्या, पुलिस ने सास-ससुर समेत 8 लोगों पर किया मुकदमा दर्ज

पश्चिम बंगाल ले जाने की थी तैयारी

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे सुल्तानपुर से बस के जरिए फतेहपुर पहुंचे थे और यहां से ट्रेन के माध्यम से कछुओं को पश्चिम बंगाल ले जाने की योजना बना रहे थे। आरपीएफ के अनुसार, आरोपी लंबे समय से बस और ट्रेन के जरिए कछुओं की तस्करी कर रहे थे।

कछुओं की तस्करी

300 से 400 रुपये में होती थी बिक्री

आरपीएफ अधिकारियों के मुताबिक तस्कर एक कछुए को 300 से 400 रुपये में बेचते थे, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत कई गुना अधिक होती है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस तस्करी के पीछे एक बड़ा नेटवर्क सक्रिय हो सकता है, जिसकी कड़ियां अन्य राज्यों से भी जुड़ी हो सकती हैं।

वन विभाग को सौंपी गई सूचना

मामले की जानकारी तुरंत वन विभाग को दे दी गई है। वन विभाग की टीम बरामद कछुओं को सुरक्षित संरक्षण में लेने की प्रक्रिया में जुट गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा।

पहले भी पकड़ी जा चुकी है खेप

गौरतलब है कि करीब एक सप्ताह पहले ट्रेन के जरिए कछुओं की तस्करी की एक खेप फतेहपुर रेलवे स्टेशन से निकल गई थी, जिसे बाद में प्रयागराज में आरपीएफ ने पकड़ा था। उसी घटना के बाद फतेहपुर रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान को और अधिक सख्त किया गया था। मौजूदा कार्रवाई को उसी अभियान का बड़ा परिणाम माना जा रहा है।

फतेहपुर में लापरवाही चरम पर, अधूरी पुलिया बनी मौत का रास्ता, फिर भी प्रशासन बेखबर

आरपीएफ ने बढ़ाई सतर्कता

आरपीएफ अधिकारियों का कहना है कि रेलवे के माध्यम से वन्यजीव तस्करी पर रोक लगाने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा। संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है ताकि ऐसे नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जा सके।

Location : 
  • Fatehpur

Published : 
  • 4 February 2026, 12:48 PM IST