हिंदी
सीएफओ ने किया निरीक्षण
Fatehpur: फतेहपुर के नगर पंचायत असोथर के लिए एक बड़ी सौगात जल्द मिलने वाली है। लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद अब यहां फायर स्टेशन बनने का रास्ता लगभग साफ हो गया है। शुक्रवार को मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) फतेहपुर जसवीर सिंह ने असोथर नगर पंचायत कटरा स्थित प्रस्तावित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि फायर स्टेशन निर्माण की प्रारंभिक तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। अब केवल सरकार की ओर से धनराशि की स्वीकृति का इंतजार है। स्वीकृति मिलते ही आधुनिक फायर स्टेशन का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
फतेहपुर जनपद में परंपरागत रूप से फायर स्टेशन केवल तहसील स्तर पर ही स्थापित किए जाते रहे हैं। असोथर वर्तमान में आकांक्षी नगर पंचायत है और परिसीमन प्रक्रिया में इसे तहसील का दर्जा मिलने की संभावना प्रबल है। इसी आधार पर असोथर को फायर स्टेशन के लिए चयनित किया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फायर स्टेशन बनने से न सिर्फ असोथर बल्कि आसपास के गांवों को भी आगजनी और आपात स्थितियों में तत्काल राहत मिल सकेगी। अब तक ग्रामीणों को हादसों की स्थिति में जिला मुख्यालय या नजदीकी तहसीलों पर निर्भर रहना पड़ता था।
अधिकारियों का मानना है कि स्टेशन के शुरू होने के बाद राहत व बचाव कार्यों में तेजी आएगी और आगजनी जैसी घटनाओं से होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।
यह कदम असोथर को नगर पंचायत से तहसील बनने की ओर एक और बड़ी पहचान दिलाने वाला साबित होगा।
Location : Fatehpur
Published : 20 September 2025, 3:28 AM IST
Topics : Asothar CFO Fatehpur Fire Station inspection