गोरखपुर में कांवड़ यात्रा के बीच मौत का करंट, डीजे छूते ही दो कांवड़िए झुलसे; एक की गई जान

गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। वंशप्ति मंदिर के पास कांवड़ियों के साथ चल रहे डीजे में अचानक करंट उतर आया। इसकी चपेट में आने से दो कांवड़िए झुलस गए। मेडिकल कॉलेज में एक कांवड़िए को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 16 August 2026, 8:40 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर में रविवार को कांवड़ यात्रा के बीच अचानक ऐसा हादसा हुआ कि कुछ ही पलों में धार्मिक उत्साह चीख-पुकार में बदल गया। पिपराइच थाना क्षेत्र में वंशप्ति मंदिर के पास कांवड़ियों के साथ चल रहे डीजे में अचानक करंट उतर आया। देखते ही देखते दो कांवड़िए इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। साथी कांवड़ियों ने किसी तरह दोनों को डीजे से अलग किया और आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने एक कांवड़िए को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरा जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

वंशप्ति मंदिर के पास अचानक डीजे में उतरा करंट

बताया जा रहा है कि रविवार को कांवड़ियों का जत्था धार्मिक यात्रा के लिए निकला था। यात्रा में कांवड़ियों के साथ डीजे भी चल रहा था। जत्था जब पिपराइच थाना क्षेत्र के वंशप्ति मंदिर के पास पहुंचा, तभी अचानक डीजे में करंट उतर आया। किसी को कुछ समझ में आता, उससे पहले ही डीजे के संपर्क में आने से दो कांवड़िए करंट की चपेट में आ गए। अचानक हुए हादसे के बाद आसपास मौजूद कांवड़ियों में हड़कंप मच गया।

गोरखपुर में नाबालिग पर जानलेवा हमले के केस में बड़ा मोड़! चार्जशीट से दो नाम हटाने का आरोप, पेशकार पर सवाल

अस्पताल पहुंचते ही एक कांवड़िए की मौत

हादसे में गंभीर रूप से झुलसे दोनों कांवड़ियों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने करन चौहान की जांच की, लेकिन तब तक उनकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने करन को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में घायल मोहन भारती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

मृतक और घायल की हुई पहचान

पुलिस के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाले कांवड़िए की पहचान करन चौहान पुत्र रामसिंह के रूप में हुई है। वह जंगल अहमद अली शाह के टोला हरिपुर के रहने वाले बताए गए हैं। वहीं घायल कांवड़िए की पहचान मोहन भारती पुत्र सुदामा भारती के रूप में हुई है। वह बेलवा रायपुर, झाझवा चौराहा निवासी बताए गए हैं।

गोरखपुर में बाल अपराध पर सख्त कार्रवाई, सहजनवां पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

कैसे हुआ हादसा

सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर डीजे में अचानक करंट कैसे उतर गया। क्या डीजे के बिजली कनेक्शन में कोई तकनीकी खराबी थी या फिर किसी बिजली के तार के संपर्क में आने से यह हादसा हुआ? फिलहाल इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई है।

एक परिवार में मातम

जिस यात्रा में श्रद्धालु भगवान का जलाभिषेक करने और धार्मिक आस्था के साथ आगे बढ़ रहे थे, उसी दौरान हुए हादसे ने एक परिवार को हमेशा के लिए गहरा जख्म दे दिया। करन चौहान की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में मातम छा गया। दूसरी तरफ मोहन भारती के परिजन उनके जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। अस्पताल में उनका इलाज जारी है और उनकी हालत पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Location :  Gorakhpur

Published :  16 August 2026, 8:40 PM IST