ट्रेन की चपेट में आया हाथी तो झुंड ने मचाया उत्पात, झारखंड से सोनभद्र तक असर, ट्रेनों की आवाजाही ठप

झारखंड के बरकाकाना-बरवाडीह रेलखंड पर मालगाड़ी की चपेट में हाथी का एक बच्चा घायल हो गया, जिसके बाद हाथियों का झुंड ट्रैक पर डटा रहा। सुरक्षा के चलते अप और डाउन दोनों लाइनों पर रेल परिचालन रोकना पड़ा। कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों को डायवर्ट या शॉर्ट टर्मिनेट किया गया, यात्री घंटों परेशान रहे।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 17 February 2026, 12:21 PM IST

Sonbhadra: झारखंड के बरकाकाना-बरवाडीह रेलखंड पर हुए हाथी हादसे का असर अब सोनभद्र तक देखने को मिल रहा है। चोपन रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई। जिससे रेलवे कर्मचारियों और हजारों यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। रेलवे और वन विभाग की टीमें मौके पर स्थिति सामान्य करने में जुटी हैं।

हाथी का बच्चा घायल

सोमवार देर शाम बरकाकाना-बरवाडीह रेलखंड के महुआमिलान-निंद्रा स्टेशन के बीच चंदवा थाना क्षेत्र के पुतरी टोला गांव के पास हाथियों का एक झुंड रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। इसी दौरान करीब 18:25 बजे डाउन लाइन पर आ रही एक मालगाड़ी की चपेट में हाथी का एक बच्चा आ गया। हादसे में हाथी का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।

Gas Cylinder Fire: सोनभद्र में रसोई गैस सिलेंडर अचानक फटा, चार लोग झुलसे, तीन की हालत गंभीर; जानिए कैसै हुआ हादसा?

वन विभाग को दी सूचना

घटना के बाद हाथियों का झुंड घटनास्थल पर ही जमा हो गया और आक्रोशित व्यवहार के कारण किसी को भी ट्रैक के पास नहीं जाने दे रहा था। सुरक्षा के मद्देनजर बरकाकाना-टोरी रेलखंड पर अप और डाउन दोनों लाइनों पर रेल परिचालन रोक दिया गया। सूचना मिलते ही वन विभाग और रेलवे की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया लेकिन देर रात तक हाथियों को ट्रैक से पूरी तरह हटाया नहीं जा सका।

दोनों लाइनों पर परिचालन प्रभावित

टोरी स्टेशन अधीक्षक ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों लाइनों पर परिचालन प्रभावित हुआ। रांची से दिल्ली जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस को राय स्टेशन पर रोका गया, जबकि बरकाकाना से पटना जा रही पलामू एक्सप्रेस को खलारी स्टेशन पर रोकना पड़ा।

सोनभद्र पुलिस ने अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, इस कार्रवाई के बाद मचा हड़कंप

3 से 6 घंटे तक इंतजार

इस घटना का असर धनबाद मंडल के अंतिम स्टेशन चोपन (सोनभद्र) तक पहुंचा। कई ट्रेनें इस रूट से होकर गुजरती हैं और चोपन के रेलवे कर्मचारी भी बरकाकाना तक ड्यूटी के लिए अप-डाउन करते हैं। ट्रेनों के डायवर्जन और देरी के कारण यात्रियों को 3 से 6 घंटे तक इंतजार करना पड़ा। कई पैसेंजर ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट या शॉर्ट ओरिजिनेट किया गया, जबकि कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों का मार्ग बदल दिया गया।

कई ट्रेनों को डायवर्ट किया

रेल प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से कई ट्रेनों को डायवर्ट किया। अप लाइन को बाद में 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बहाल कर दिया गया लेकिन डाउन लाइन देर रात तक बाधित रही। मालगाड़ियों को भी अलग-अलग स्टेशनों पर खड़ा करना पड़ा, जिससे माल परिवहन प्रभावित हुआ।

कनेक्टिंग ट्रेनें छूट गईं

यात्रियों को स्टेशनों पर पानी और भोजन जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ी। कई यात्रियों की कनेक्टिंग ट्रेनें छूट गईं और लंबी दूरी के यात्रियों को वैकल्पिक साधन तलाशने पड़े।

डाउन लाइन पूरी तरह बहाल

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, वन विभाग द्वारा हाथियों को सुरक्षित स्थान पर हटाए जाने के बाद ही डाउन लाइन पूरी तरह बहाल की जाएगी। फिलहाल ट्रेनों का संचालन नियंत्रित गति और अनुमति के अनुसार जारी है।

Location : 
  • Sonbhadra

Published : 
  • 17 February 2026, 12:21 PM IST