वेतन न मिलने पर भड़के बिजली कर्मी! उपकेंद्र पर धरना, उग्र आंदोलन की चेतावनी

गोरखपुर के खजनी क्षेत्र स्थित उनवल विद्युत उपकेंद्र पर संविदा कर्मियों ने लंबित वेतन को लेकर धरना प्रदर्शन किया। कर्मियों का आरोप है कि कई महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिससे आर्थिक संकट गहरा गया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज होगा।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 15 April 2026, 5:14 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर के खजनी तहसील क्षेत्र में बुधवार को उस वक्त माहौल गरमा गया, जब उनवल स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पर संविदा कर्मियों का गुस्सा फूट पड़ा। महीनों से वेतन न मिलने से परेशान कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया और प्रशासन व ठेकेदार कंपनी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। हालात ऐसे बन गए कि उपकेंद्र परिसर ही विरोध का केंद्र बन गया।

“काम कर रहे हैं, लेकिन पैसा नहीं मिल रहा”

प्रदर्शन कर रहे कर्मियों का कहना है कि वे लगातार पूरी जिम्मेदारी के साथ काम कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें समय पर वेतन नहीं मिल रहा। कर्मियों के मुताबिक, उनका अक्टूबर माह का वेतन अब तक लंबित है, जिससे उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिवार चलाना, बच्चों की फीस भरना और रोजमर्रा के खर्च उठाना उनके लिए मुश्किल होता जा रहा है।

Gorakhpur Fire Service Day: आखिर क्यों मनाया जाता है ‘फायर सर्विस डे’? जानें आग से लड़ने के लिए कितनी तैयार है गोरखपुर पुलिस

ठेकेदार कंपनी TDS पर सीधे आरोप

संविदा कर्मियों ने वेतन भुगतान में हो रही देरी के लिए ठेकेदार कंपनी TDS को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि उन्होंने कई बार अधिकारियों और कंपनी से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे कर्मचारियों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।

आंदोलन तेज करने की चेतावनी

धरना स्थल पर मौजूद कर्मियों ने साफ चेतावनी दी कि अगर जल्द उनका बकाया वेतन जारी नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यदि कोई उग्र प्रदर्शन होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित कंपनी की होगी।

Zero Fatality District : गोरखपुर में हुए सड़क हादसे तो होगी वैज्ञानिक जांच, सड़क हादसों को जीरो करने की पहल

अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन

प्रदर्शन के दौरान दर्जनों संविदा कर्मियों ने एकजुट होकर अधिशासी अभियंता और उपखंड अधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा। इस दौरान धनंजय, प्रिंस कुमार, राज मंगल मौर्य, गोविंद कुमार, श्याम सुंदर, अजय पांडे, राम अवतार, बिरजू कुमार, मनोज यादव, हनुमान, सलमान और पुनीत त्रिपाठी समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में जल्द से जल्द वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।

Location :  Gorakhpur

Published :  15 April 2026, 5:14 PM IST