कानपुर में डबल मर्डर: जुड़वां बेटियों की हत्या का सच! पत्नी ने खोले आरोपी पति के काले राज

कानपुर में जुड़वां बहनों की हत्या के मामले में आरोपी पिता जेल पहुंच गया है। पत्नी के सनसनीखेज खुलासों, CCTV फुटेज और फॉरेंसिक सबूतों ने केस को बेहद मजबूत बना दिया है। पुलिस जल्द चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में है।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 21 April 2026, 2:50 PM IST

Kanpur: कानपुर में हुए दिल दहला देने वाले डबल मर्डर केस ने हर किसी को सन्न कर दिया है। एक पिता ने अपनी ही 11 साल की जुड़वां बेटियों को जिस बेरहमी से मौत के घाट उतारा, उसकी कहानी सुनकर रूह कांप जाती है। अब आरोपी शशिरंजन मिश्रा सलाखों के पीछे है, लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे इस खौफनाक वारदात के पीछे छिपे सच सामने आ रहे हैं।

पत्नी ने खोले आरोपी के राज

आरोपी की पत्नी रेशमा ने उसके खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए हैं। रेशमा के मुताबिक, शशिरंजन शराब और नशीली दवाओं का आदी था और अक्सर अपने मेडिकल प्रोफेशन के दोस्तों के साथ घर में ही पार्टी करता था। विरोध करने पर वह मारपीट पर उतर आता था। रेशमा ने बताया कि वह पश्चिम बंगाल के कलिम्पोंग की रहने वाली हैं और 2010 में नौकरी की तलाश में कानपुर आई थीं, जहां उनकी मुलाकात शशि से हुई और बाद में दोनों ने शादी कर ली।

Kanpur Dehat: रेलवे स्टेशन का डीआरएम ने किया निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी

CCTV और फॉरेंसिक बने सबसे बड़े सबूत

किदवईनगर के त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में हुई इस वारदात की जांच में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। कमरे में लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई है, जो केस का सबसे मजबूत इलेक्ट्रॉनिक सबूत माना जा रहा है। वहीं बेंजीडाइन टेस्ट में आरोपी के हाथों और कपड़ों पर बच्चियों का खून मिलने की पुष्टि हुई है। पुलिस के मुताबिक, इन सबूतों से अदालत में आरोपी के खिलाफ मजबूत आधार तैयार होगा।

गवाहों के बयान से मजबूत हुआ केस

इस मामले में पत्नी रेशमा, सुरक्षा गार्ड प्रेमनारायण दीक्षित और नौकरानी अमरावती उर्फ आशा को मुख्य गवाह बनाया गया है। तीनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। इनके बयानों से घटना से पहले की परिस्थितियों और आरोपी की गतिविधियों पर अहम जानकारी मिली है, जो केस की कड़ी जोड़ने में मददगार साबित हो रही है।

Kanpur Dehat: 11 हजार वोल्ट लाइन टूटने से 5 मवेशियों की मौत, कैसे टला बड़ा हादसा

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली दरिंदगी की परत

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि बच्चियों को पहले नशीली दवा दी गई थी, जिससे उनका शरीर शिथिल हो गया। इसके बाद आरोपी ने चापड़ और हथौड़े से गले पर वार कर उनकी हत्या कर दी। दोनों के गले पर करीब 12 सेंटीमीटर गहरा घाव मिला। डॉक्टरों के मुताबिक, इतनी बेरहमी से वार किया गया कि बचने की कोई गुंजाइश नहीं थी।

पहले से रची गई थी साजिश

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने हत्या में इस्तेमाल चापड़ को पांच दिन पहले ही खरीद लिया था। इससे साफ है कि यह वारदात अचानक नहीं बल्कि पूरी प्लानिंग के साथ अंजाम दी गई। आरोपी ने खुद भी अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस अब तकनीकी और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर मजबूत चार्जशीट तैयार कर रही है।

Location :  Kanpur

Published :  21 April 2026, 2:50 PM IST