हिंदी
मैनपुरी दौरे पर पहुंची सपा सांसद डिंपल यादव (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Mainpuri: आज डिंपल यादव अपने संसदीय क्षेत्र मैनपुरी पहुंची, जहां उन्होंने कई शोकाकुल परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी और उनकी समस्याओं को सुना।
महिला आरक्षण को लेकर मैनपुरी सांसद डिंपल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से इसके पक्ष में रही है। उन्होंने बताया कि पूर्व में मुलायम सिंह यादव की सरकार ने उत्तर प्रदेश में पंचायत स्तर पर महिला आरक्षण लागू किया था।
उन्होंने मांग की, महिला आरक्षण में पिछड़े वर्ग और अल्पसंख्यक महिलाओं को भी बराबर हिस्सा मिलना चाहिए, ताकि समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए डिंपल यादव ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आयोग की नियुक्ति प्रक्रिया में सरकार का प्रभाव होने से निष्पक्षता पर संदेह पैदा होता है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के प्रभाव में चुनाव आयोग काम कर रहा है, जिससे चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता प्रभावित हो सकती है।
डिंपल यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी चुनाव आयोग के माध्यम से चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में यह बेहद चिंताजनक स्थिति है और इसे लेकर विपक्ष लगातार आवाज उठा रहा है।
डिंपल यादव ने की मीडिया से बातचीत (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
मतदाता सूची में नाम कटने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कई विधानसभा क्षेत्रों में बड़ी संख्या में वोट काटे गए हैं। समाजवादी पार्टी बूथ स्तर पर इसकी जांच कर रही है और अगर गड़बड़ी पाई गई तो चुनाव आयोग या सुप्रीम कोर्ट का रुख किया जाएगा।
अखिलेश यादव द्वारा उठाए गए EVM के मुद्दे पर डिंपल यादव ने कहा कि तकनीक का दुरुपयोग संभव है। उन्होंने सुझाव दिया कि बैलेट पेपर से मतदान एक सुरक्षित विकल्प हो सकता है, जैसा कई विकसित देशों में किया जा रहा है।
ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच तनाव पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि सरकार बड़े मुद्दों पर स्पष्ट रुख नहीं अपनाती। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संवेदनशील मामलों पर चुप्पी साध लेती है।
Video: संसद के बाहर FCRA बिल को लेकर प्रदर्शन, सपा सांसद डिंपल यादव ने कही ये बड़ी बात
पश्चिम बंगाल के आगामी चुनाव को लेकर डिंपल यादव ने कहा कि वहां की जनता बदलाव के लिए तैयार है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार राज्य में सत्ता परिवर्तन संभव है और इसका असर पूरे देश की राजनीति पर पड़ेगा।
Location : Mainpuri
Published : 12 April 2026, 3:53 PM IST