डिंपल यादव ने भाजपा और चुनाव आयोग पर किया हमला, कहा- SIR सिर्फ वोट डिलीट की साजिश, जानें और क्या-क्या बोलीं

सपा सांसद डिंपल यादव ने SIR, चुनाव आयोग, बजट, चाइनीज मांझा और भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने ममता बनर्जी को समर्थन और लोकतंत्र की रक्षा की बात कही।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 7 February 2026, 3:18 PM IST

Mainpuri: सियासत के गलियारों में एक बार फिर माहौल गर्म है। लोकतंत्र, चुनाव और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं। समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने एक के बाद एक कई मुद्दों पर सरकार और चुनाव आयोग को कठघरे में खड़ा कर दिया है। बयान ऐसे हैं जो सीधे सत्ता की नीयत पर वार करते हैं और आने वाले चुनावी संघर्ष की तस्वीर साफ कर देते हैं।

SIR को लेकर चुनाव आयोग पर सीधा हमला

SIR को लेकर पार्टी पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक के बाद डिंपल यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा साजिश के तहत वोट डिलीट करवा रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग का रवैया पूरी तरह एकतरफा नजर आ रहा है और वह भाजपा की तरह व्यवहार कर रहा है। डिंपल यादव ने चेतावनी दी कि वोटर डिलीट करने की प्रक्रिया के लिए जो एक महीने का अतिरिक्त समय दिया गया है, उस पर बेहद गंभीरता से नजर रखने की जरूरत है, क्योंकि इससे लोकतंत्र को नुकसान पहुंच सकता है।

ममता बनर्जी के साथ खड़ी सपा

चुनाव आयोग के खिलाफ ममता बनर्जी द्वारा महाभियोग की बात पर डिंपल यादव ने साफ कहा कि समाजवादी पार्टी ममता बनर्जी के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है, लेकिन जिस तरह से वह भेदभावपूर्ण तरीके से काम कर रहा है, उससे संविधान की आत्मा को चोट पहुंच रही है और पूरा विपक्ष इसका विरोध करेगा।

बजट पर सरकार को घेरा

केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए डिंपल यादव ने कहा कि इसमें आम जनता और खासतौर पर मध्यम वर्ग के लिए कुछ भी राहत देने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि पूरे बजट में ऐसा कोई फैसला नहीं दिखता जिससे परिवारों में खुशी आए। सरकार पूरी तरह जमीनी हकीकत से कट चुकी है।

फिल्मों और समाज में बढ़ते भेदभाव का आरोप

‘घूसखोर पंडित’ फिल्म को लेकर डिंपल यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के आने के बाद समाज में सुनियोजित तरीके से भेदभाव फैलाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी फिल्में क्यों बनाई जा रही हैं और इसके पीछे किसकी राजनीति काम कर रही है।

चाइनीज मांझे और ट्रेड डील पर चिंता

चाइनीज मांझे को लेकर अखिलेश यादव के पोस्ट पर डिंपल यादव ने कहा कि यह जानलेवा है और इससे लोगों व पक्षियों की जान जा रही है। उन्होंने इसकी जिम्मेदारी सरकार पर डालते हुए कहा कि चीन से आने वाले सामान पर कोई नियंत्रण नहीं है। वहीं भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर उन्होंने कहा कि इससे किसानों और घरेलू बाजार को कमजोर किया जा रहा है और कॉरपोरेट्स को फायदा पहुंचाया जा रहा है।

पश्चिम बंगाल और 2024 की राजनीति

पश्चिम बंगाल में कांग्रेस के अकेले चुनाव लड़ने पर डिंपल यादव ने कहा कि 2024 में भी सभी पार्टियां अलग लड़ी थीं और नतीजे अच्छे रहे थे। उन्होंने भरोसा जताया कि ममता बनर्जी एक बार फिर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगी।

Location : 
  • Mainpuri

Published : 
  • 7 February 2026, 3:18 PM IST