हिंदी
UP STF ने दबोचा बड़ा तस्कर
Bahraich: अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्तर प्रदेश एसटीएफ और गोवा पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। संयुक्त कार्रवाई में एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित चल रहे आरोपी अखलाक अहमद उर्फ मुन्ना मलिक को बहराइच से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी लंबे समय से जांच एजेंसियों की निगरानी में था।
पुलिस के अनुसार गोवा के क्राइम ब्रांच नॉर्थ थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(B) और 29 के तहत दर्ज मुकदमा संख्या 50/2026 की जांच के दौरान अखलाक अहमद उर्फ मुन्ना मलिक का नाम सामने आया था। इसके बाद गोवा पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए उत्तर प्रदेश एसटीएफ से सहयोग मांगा।
खेत में घास काट रही थी महिला, तभी झाड़ियों से निकला ‘मौत का शिकारी’; बहराइच में दहला देने वाला हमला
एसटीएफ और गोवा पुलिस की संयुक्त टीम ने बहरेच जिले के दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी शनिवार 30 मई को दोपहर करीब 12:30 बजे की गई। आरोपी की पहचान अखलाक अहमद उर्फ मुन्ना मलिक पुत्र स्वर्गीय अब्दुल सत्तार निवासी थाना दरगाह शरीफ, जनपद बहराइच के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा रहा है। जांच में यह भी सामने आया कि वर्ष 2018 के आसपास वह अवैध मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़ा और बाद में नेपाल के कुछ संपर्कों के माध्यम से स्मैक की सप्लाई के नेटवर्क में सक्रिय हो गया। आरोप है कि वह बहरेच से गोवा तक अवैध मादक पदार्थ पहुंचाने के काम में शामिल था।
गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी काफी लंबा बताया गया है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वर्ष 2012 से लेकर 2026 तक उसके खिलाफ विभिन्न थानों में अनेक मामले दर्ज हुए हैं।
Location : Bahraich
Published : 30 May 2026, 7:40 PM IST
Topics : crime news drug trafficking Goa Police ndps act UP STF