हिंदी
घटनास्थल की तस्वीर (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के बैतालपुर कस्बे में रविवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक रेस्टोरेंट के अंदर घुसकर तीन अज्ञात हमलावरों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मृतक की पहचान पपू यादव (38) के रूप में हुई है, जो गौरी बाजार थाना क्षेत्र के सोपरी गांव के निवासी थे। बताया जा रहा है कि वह विदेश में रहते थे और हाल ही में घर आए थे। रविवार शाम वह बैतालपुर स्थित एक रेस्टोरेंट में नाश्ता करने पहुंचे थे। इसी दौरान तीन हमलावर वहां पहुंचे और उन्हें निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
अचानक हुई फायरिंग से रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गई। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पुलिस को दी गई। स्थानीय लोगों ने घायल अवस्था में युवक को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की।
घायल युवक को तुरंत महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
आओ! हम आपकी थकान दूर कर देंगे…लेकिन स्पा सेंटर के अंदर घुसते ही 7 लड़कियां…देवरिया में बड़ा खुलासा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। अभिजीत आर शंकर और क्षेत्राधिकारी हरिराम यादव ने मौके का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश का मामला हो सकता है। हमलावरों ने जिस तरह से युवक को निशाना बनाकर गोली मारी, उससे यह साफ होता है कि यह हमला पूर्व नियोजित था। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
देवरिया में जमीन विवाद: वकील की मौत के बाद मचा हड़कंप, SDM पर उठे सवाल
पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
Location : Deoria
Published : 13 April 2026, 9:08 AM IST
Topics : crime news Deoria News Gun Attack up crime UP News