
पुलिस ने तस्करों का खेल किया खत्म
Deoria: अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बनकटा पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा निर्मित अंग्रेजी शराब की 980 बोतलें बरामद कीं। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त मारुति सुजुकी वैगनआर कार को भी कब्जे में लेते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक वैगनआर कार से अवैध शराब बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सोहनपुर बाइपास पर वाहन को रोककर तलाशी ली। कार से 76 बोतल रॉयल ग्रीन 750 एमएल, 752 बोतल रॉयल ग्रीन 375 एमएल, 80 बोतल रॉयल ग्रीन 180 एमएल, 30 बोतल ब्लेंडर्स प्राइड 750 एमएल और 42 बोतल मास्टर ब्लेंडर्स 750 एमएल बरामद हुईं।
कुल 980 बोतलों में 407.4 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.65 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुन्ना ठाकुर पुत्र शत्रुधन उर्फ सत्रोहन ठाकुर निवासी सेन्दुरवा, थाना बसंतपुर, जनपद सीवान और विशाल कुमार कुशवाहा पुत्र कन्हैया प्रसाद कुशवाहा निवासी बरवाकला, थाना बसंतपुर, जनपद सीवान, बिहार के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना बनकटा में मु0अ0सं0-212/26, धारा 60, 63 और 72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजित आर. शंकर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में की गई।
Location : Deoria
Published : 8 September 2026, 11:36 PM IST