हिंदी
राकेश सोनकर (Img: Dynamite News)
Deoria: उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के कचहरी चौराहे पर एक फल विक्रेता के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि विवाद के बाद कई लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। घटना में हाथ में फ्रैक्चर समेत कई चोटें आने का दावा किया गया है। पीड़ित का कहना है कि शिकायत के बाद भी तीन दिन से पुलिस कार्रवाई का इंतजार है।
कचहरी चौराहा स्थित शिव मंदिर के सामने फल की दुकान लगाने वाले राकेश सोनकर के मुताबिक, दोपहर में गुलारे जायसवाल नाम के व्यक्ति ने उनके भतीजे के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की। इसकी जानकारी मिलने के बाद राकेश शाम को मामले के बारे में पूछताछ करने पहुंचे। पीड़ित का आरोप है कि वहां पहुंचने पर उनके साथ भी गाली-गलौज की गई और मारपीट शुरू कर दी गई।
ये भी पढ़ें: Deoria Electricity Crisis: बिजली कटौती पर किसान यूनियन का हल्ला, 27 अक्टूबर को महापंचायत की चेतावनी
राकेश सोनकर का आरोप है कि विवाद के दौरान प्रदीप जायसवाल, संदीप जायसवाल, बड़कू और नीरज सोनकर समेत करीब 8 से 10 लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद उनके साथ मारपीट की गई। पीड़ित के मुताबिक, मारपीट के दौरान उन्हें सिर, सीने और हाथ में चोट लगी। उन्होंने हाथ में फ्रैक्चर होने का भी दावा किया है। राकेश का आरोप है कि नीरज सोनकर उन्हें वहां दुकान नहीं लगाने देने और मारकर भगाने की धमकी देता रहा।
पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद उन्हें मेडिकल जांच के लिए भेजा गया था। मेडिकल के बाद डॉक्टर की ओर से एक्स-रे कराने की बात कही गई, लेकिन अभी तक एक्स-रे नहीं हो सका है। राकेश का आरोप है कि वह पिछले तीन दिनों से पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं और लगातार थाने के चक्कर लगा रहे हैं। उनका यह भी कहना है कि उन्हें धमकियां दी जा रही हैं।
ये भी पढ़ें: Deoria: मेडिकल कॉलेज के पास कूड़े का ढेर बना मुसीबत का अड्डा, आवारा पशुओं के झुंड से राहगीर परेशान
फिलहाल मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। मेडिकल और एक्स-रे रिपोर्ट के साथ पुलिस जांच के बाद ही मारपीट की घटना और लगाए गए आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Location : Deoria
Published : 25 September 2026, 7:43 PM IST