हिंदी
बारिश के कारण बंद हुआ रास्ता (Img: Dynamite News)
Deoria: देवरिया के रामलक्षन मार्ग पर स्थित बांकीपुल का चौड़ीकरण कार्य पिछले करीब तीन महीने से अधूरा पड़ा है। बरसात शुरू होते ही निर्माण कार्य की धीमी रफ्तार और विभागीय लापरवाही लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। भारी बारिश के बाद वैकल्पिक मार्ग जलमग्न हो गया, जिससे हजारों लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।
हालात ऐसे हो गए कि मरीज को लेकर जा रही एक एम्बुलेंस भी रास्ते में फंस गई। नाराज ग्रामीणों और समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मौके पर पहुंचे अधिशासी अभियंता को पानी में उतरकर हालात देखने के लिए मजबूर किया और जलभराव वाले रास्ते से गुजरवाकर बदहाल स्थिति दिखाई।
बांकीपुल इस इलाके के हजारों लोगों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है। पुल के चौड़ीकरण का काम पिछले तीन महीने से अधूरा पड़ा है। बरसात शुरू होते ही वैकल्पिक मार्ग पानी में डूब गया, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही लगभग ठप हो गई। लोग जान जोखिम में डालकर पानी और कीचड़ के बीच आने-जाने को मजबूर हैं।
सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों और रोजाना सफर करने वाले लोगों को हो रही है। हालात की गंभीरता तब सामने आई जब मरीज को लेकर जा रही एक एम्बुलेंस भी जलभराव और कीचड़ में फंस गई। काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों की मदद से एम्बुलेंस को बाहर निकाला गया
एम्बुलेंस फंसने की घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ विरोध जताया। इसी दौरान अधिशासी अभियंता के मौके पर पहुंचने पर ग्रामीणों ने उन्हें जलभराव वाले रास्ते में उतरकर हालात देखने को कहा। ग्रामीणों और पूर्व विधायक ने उनका हाथ पकड़कर पानी के बीच से गुजरवाया और बताया कि तीन महीने से पुल अधूरा होने के कारण लोग रोज ऐसी परेशानी झेल रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ये भी पढ़ें- कांप उठी मां की रूह, बेबस हुए पिता के हाथ: एटा में खेलते-खेलते उबलती सब्जी की कड़ाही में गिरी 3 साल की मासूम
ग्रामीणों ने निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि समय पर पुल निर्माण पूरा हो जाता या सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग बना दिया जाता, तो ऐसी स्थिति पैदा नहीं होती। अब ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पुल का निर्माण पूरा कराने और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
Location : Deoria
Published : 13 July 2026, 5:46 PM IST