हिंदी
अचानक वह गहरे पानी की ओर बढ़ गया और फिर डूब गया। आसपास के लोगों ने जब उसे पानी में संघर्ष करते देखा, तब तक वह लहरों में समा चुका था। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की यह रिपोर्ट
गंगा स्नान के दौरान दिल्ली के युवक की डूबने से मौत
हापुड़: ब्रजघाट तीर्थ नगरी में सोमवार को गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। दिल्ली से गंगा स्नान के लिए आए परिवार का एक सदस्य गहरे पानी में चला गया और डूब गया। हादसे के बाद तीर्थस्थल की पावनता मातम में बदल गई।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार, डूबने वाला युवक 32 वर्षीय अंकित जैन बताया जा रहा है। जो अपने परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर गढ़मुक्तेश्वर आया था। जैसे ही वह गंगा में स्नान कर रहा था। अचानक वह गहरे पानी की ओर बढ़ गया और फिर डूब गया। आसपास के लोगों ने जब उसे पानी में संघर्ष करते देखा, तब तक वह लहरों में समा चुका था।
गोताखोरों की मदद से चल रही तलाश
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गई। तत्काल मौके पर गोताखोरों की टीम को बुलाया गया। टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का कुछ पता नहीं चल पाया था। परिजन मौके पर बदहवास स्थिति में हैं और बेटे के सकुशल मिलने की उम्मीद में तट पर बैठकर लगातार प्रार्थना कर रहे हैं।
तीर्थस्थल पर सुरक्षा इंतजाम पर उठे सवाल
यह हादसा उस समय हुआ, जब घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ मौजूद थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि ब्रजघाट पर सुरक्षा इंतजाम अक्सर नाकाफी होते हैं। न तो चेतावनी बोर्ड पर्याप्त मात्रा में लगे हैं और न ही घाट पर प्रशिक्षित जीवन रक्षक कर्मियों की उपस्थिति रहती है। एक प्रत्यक्षदर्शी श्रद्धालु ने बताया, "घाट पर रेलिंग नहीं है और कई लोग नहाते-नहाते गहरे पानी में चले जाते हैं। यह पहली बार नहीं है, जब कोई हादसा हुआ है।"
पुलिस कर रही है मामले की जांच
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने बताया कि डूबे युवक की तलाश लगातार जारी है और उम्मीद है कि जल्द ही उसका पता लगाया जाएगा। वहीं, घटना की जानकारी दिल्ली में युवक के अन्य परिजनों को भी दे दी गई है।