हिंदी
बरेली के बहेड़ी क्षेत्र में बेटी की बारात पहुंचते ही उसकी मां की अचानक मौत हो गई। घर में मातम के बीच परिवार ने भारी दिल से शादी की रस्में पूरी कराईं। इस घटना ने पूरे इलाके को भावुक कर दिया।
एक घर में दो तस्वीरें
Bareilly: शादी का घर, ढोल-नगाड़ों की आवाज, रिश्तेदारों की भीड़ और दरवाजे पर पहुंची बारात… सब कुछ बिल्कुल वैसा ही था जैसा किसी बेटी की शादी के दिन होना चाहिए। लेकिन कुछ ही मिनटों में माहौल ऐसा बदल गया कि खुशियों का घर अचानक मातम में बदल गया। बरेली जिले में घटी इस घटना ने हर किसी को भावुक कर दिया। बेटी की बारात दरवाजे पर पहुंच चुकी थी, स्वागत की तैयारियां चल रही थीं, तभी अचानक दुल्हन की मां की तबीयत बिगड़ी और थोड़ी ही देर में उनकी मौत हो गई।
यह घटना उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बहेरी क्षेत्र के आजाद नगर मोहल्ले की है। यहां रहने वाले प्रवीण कुमार सक्सेना की बेटी श्रद्धा की शादी तय थी। परिवार कई दिनों से शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था और सोमवार को बारात आने वाली थी। दुल्हन श्रद्धा की शादी महाराजगंज निवासी प्रिकेश सक्सेना के साथ तय हुई थी। बताया जा रहा है कि बारात करीब 600 किलोमीटर दूर से आई थी और घर में मेहमानों की काफी भीड़ भी मौजूद थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रजनी की तबीयत अचानक खराब हुई। परिवार के लोग उन्हें संभालने की कोशिश करते रहे, लेकिन कुछ ही देर में उनकी हालत और गंभीर हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की कोशिश की, लेकिन थोड़ी ही देर में रजनी ने दम तोड़ दिया। यह खबर मिलते ही पूरे घर में हड़कंप मच गया। जिस घर में कुछ देर पहले तक शादी की खुशियों की गूंज थी, वहां अचानक सन्नाटा छा गया। रिश्तेदार और पड़ोसी भी स्तब्ध रह गए।
मां की मौत की खबर सुनते ही परिवार के लोग बिलख पड़े। दुल्हन श्रद्धा और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मौके पर मौजूद लोग भी समझ नहीं पा रहे थे कि इस हालात में क्या किया जाए। एक तरफ मां का पार्थिव शरीर था और दूसरी तरफ बारात दरवाजे पर खड़ी थी। शादी में आए मेहमान और रिश्तेदार भी बेहद भावुक हो गए। कई लोगों की आंखों में आंसू थे क्योंकि ऐसा दृश्य बहुत कम देखने को मिलता है जब एक ही घर में खुशी और गम एक साथ मौजूद हों।
कुछ देर तक परिवार के लोग असमंजस में रहे कि इस परिस्थिति में शादी रोकी जाए या रस्में पूरी की जाएं। आखिरकार रिश्तेदारों और परिवार के बुजुर्गों ने आपस में बातचीत के बाद फैसला लिया कि बेटी की शादी की रस्में पूरी की जाएं। बताया जा रहा है कि मां के पार्थिव शरीर को घर में ही रखा गया और बेहद भारी दिल के साथ शादी की बाकी रस्में पूरी कराई गईं।
जानकारी के अनुसार शादी की रस्में पूरी होने के बाद बारात की विदाई की गई। उसके बाद दुल्हन की मां रजनी का अंतिम संस्कार किया गया। इस पूरी घटना ने वहां मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर दिया। कई लोगों ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में ऐसा दृश्य पहले कभी नहीं देखा था। एक तरफ बेटी की विदाई और दूसरी तरफ मां की अंतिम यात्रा की तैयारी… यह पल पूरे परिवार के लिए बेहद दर्दनाक बन गया।