आगरा में दलित परिवार की जमीन पर कब्जा! लेखपाल और पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल

आगरा के फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र के मंडी गांव में एक दलित परिवार की कीमती जमीन पर दबंगों द्वारा जबरन कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासन की कार्यशैली सवालों के घेरे में आ गई है। पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री, डीएम और कमिश्नर से न्याय की मांग की है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 12 May 2026, 1:53 PM IST

Agra : जिले के फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र का मंडी गांव इन दिनों जमीन कब्जाने के आरोपों को लेकर सुर्खियों में है। गांव में रहने वाले एक गरीब दलित परिवार की बेसकीमती जमीन पर दबंगों द्वारा जबरदस्ती कब्जा करने की कोशिश का मामला सामने आया है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसने स्थानीय प्रशासन और पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में कथित तौर पर कुछ लोग जमीन पर कब्जा करने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि पीड़ित परिवार खुद को बेबस महसूस कर रहा है।

बताया जा रहा है कि जिस जमीन को लेकर विवाद चल रहा है उसकी कीमत काफी ज्यादा है और यही वजह है कि दबंग उस जमीन को किसी भी हालत में अपने कब्जे में लेना चाहते हैं। गांव के लोगों के बीच भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के बाद लोगों का गुस्सा भी देखने को मिल रहा है। कई लोग खुलकर यह सवाल उठा रहे हैं कि आखिर गरीब परिवार की सुनवाई क्यों नहीं हो रही है।

पुलिस और लेखपाल की भूमिका पर उठे सवाल

वायरल वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय थाना पुलिस और क्षेत्रीय लेखपाल की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है। वीडियो देखने के बाद लोगों का कहना है कि बिना प्रशासनिक संरक्षण के इस तरह खुलेआम कब्जे की कोशिश संभव नहीं हो सकती। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने आरोप लगाया है कि स्थानीय पुलिस और लेखपाल दबंगों के साथ मिले हुए हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

मैनपुरी आगरा रोड पर दबंगों ने युवक को बीच सड़क बेल्ट से बेरहमी से पीटा, वीडियो वायरल होने से हड़कंप

न्याय के लिए अधिकारियों के दरवाजे पर पहुंचा परिवार

डरे और सहमे पीड़ित परिवार ने अब अपनी जमीन बचाने के लिए मुख्यमंत्री, डीएम आगरा और कमिश्नर आगरा से न्याय की गुहार लगाई है। परिवार का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो उनकी पुश्तैनी जमीन पर पूरी तरह कब्जा हो सकता है।

Tags

 

Location :  Agra

Published :  12 May 2026, 1:53 PM IST