सोनभद्र में गैस सिलेंडर के लिए उमड़ी भीड़, ओटीपी और कम सप्लाई से हुआ ये हाल…

सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज स्थित बिच्छी में हंस वाहिनी एचपी गैस एजेंसी पर इन दिनों गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। कम सप्लाई और ओटीपी आधारित वितरण व्यवस्था के कारण कई लोगों को गैस नहीं मिल सका। मोबाइल पर ओटीपी न आने से एजेंसी पर घंटों तक इंतजार में खड़े रहे लोग।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 11 March 2026, 8:13 PM IST

Sonbhadra: उत्तर प्रदेश में सोनभद्र जिले के रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के बिच्छी स्थित हंस वाहिनी एचपी गैस एजेंसी पर इन दिनों गैस सिलेंडर लेने के लिए बड़ी संख्या में उपभोक्ता पहुंच रहे हैं। सुबह से ही एजेंसी परिसर में लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस की आपूर्ति कम होने और नई ओटीपी व्यवस्था लागू होने के कारण गैस प्राप्त करने में परेशानी हो रही है। कई लोग घंटों लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।

एजेंसी प्रबंधन के अनुसार पेट्रोलियम कंपनी और प्रशासन के निर्देशों के तहत अब बिना ओटीपी के किसी भी उपभोक्ता को गैस सिलेंडर नहीं दिया जा सकता। ऐसे में जिन उपभोक्ताओं के मोबाइल पर ओटीपी नहीं पहुंच रहा, उन्हें गैस लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।

ओटीपी से वितरण बना चुनौती

एजेंसी संचालिका ने बताया कि एजेंसी को जितनी गैस की जरूरत है, उतनी सप्लाई फिलहाल उपलब्ध नहीं हो पा रही है। इसके अलावा ओटीपी आधारित वितरण व्यवस्था भी कई बार समस्या पैदा कर रही है। उन्होंने बताया कि कई उपभोक्ताओं के मोबाइल पर ओटीपी आने में देर हो जाती है या कई बार ओटीपी आता ही नहीं है। ऐसे में उपभोक्ताओं को गैस देने में देरी हो जाती है और एजेंसी पर भीड़ बढ़ने लगती है।

गोरखपुर में जमीन विवाद ने लिया गंभीर रूप: महिला ने लगाए जालसाजी और यह गंभीर आरोप

कुछ उपभोक्ता ऐसे भी आ रहे हैं, जिन्होंने कई वर्षों से गैस नहीं ली थी और अब अचानक गैस लेने पहुंच रहे हैं। ऐसे कनेक्शनों को सिस्टम में अपडेट करने में समय लगता है। कई बार उपभोक्ताओं को करीब एक घंटे इंतजार करना पड़ता है, तब जाकर उन्हें गैस सिलेंडर मिल पाता है। एजेंसी प्रबंधन का कहना है कि उनकी कोशिश रहती है कि कोई भी ग्राहक खाली हाथ न लौटे और सभी को गैस उपलब्ध कराई जाए।

जरूरत से ज्यादा सिलेंडर लेने की कोशिश

एजेंसी संचालिका ने बताया कि कुछ लोग जरूरत से ज्यादा गैस सिलेंडर जमा करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे स्थिति और जटिल हो रही है। इसके अलावा कुछ बिचौलिये टेम्पो लगाकर बड़ी मात्रा में सिलेंडर लेने की कोशिश कर रहे हैं, जिन्हें सख्ती से रोका जा रहा है। मधुपुर निवासी एक उपभोक्ता ने बताया कि उनके पास निजी वाहन होने के कारण वे सीधे एजेंसी आकर गैस ले लेते हैं और उन्हें ज्यादा परेशानी नहीं हुई। उनका कहना है कि लगभग 10 से 15 मिनट में गैस मिल गई।

वहीं रॉबर्ट्सगंज से आए उपभोक्ता जितेंद्र कुमार ने बताया कि पहले गैस 21 दिनों में मिल जाती थी, लेकिन अब इसकी अवधि बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है। इसके अलावा कई उपभोक्ताओं के मोबाइल पर ओटीपी नहीं आ रहा, जिससे बुकिंग के बावजूद गैस नहीं मिल पा रही है। उपभोक्ता प्रिंस केसरी ने बताया कि वे पहली बार एजेंसी से गैस लेने आए हैं।

देहरादून के जंगल में बदबू से मचा हड़कंप… पुलिस ने खोला कट्टा तो उड़ गए होश, जानें क्या है पूरा मामला

पहले गैस घर तक पहुंच जाती थी, लेकिन फिलहाल होम डिलीवरी नहीं हो पा रही है। एजेंसी की ओर से कहा गया है कि ओटीपी आने के बाद ही गैस सिलेंडर दिया जाएगा। एजेंसी प्रबंधन का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन अगर गैस की आपूर्ति कम रही और उपभोक्ताओं की भीड़ इसी तरह बढ़ती रही तो आने वाले दिनों में समस्या और बढ़ सकती है।

Location : 
  • Sonbhadra

Published : 
  • 11 March 2026, 8:13 PM IST