हिंदी
देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मांडूवाला जंगल में प्लास्टिक के कट्टे में एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बदबू आने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। करीब 35 वर्षीय महिला की हत्या दो–तीन दिन पहले होने की आशंका है, पहचान और हत्या की वजह की जांच जारी है।
कट्टे में मिला महिला का शव
Dehradun: उत्तराखंड़ में स्थीत देहरादून के विकासनगर क्षेत्र के पास स्थित मांडूवाला इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब झाड़ियों के बीच एक प्लास्टिक के कट्टे में महिला का शव बरामद हुआ। यह इलाका प्रेमनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है और बाला सुंदरी मंदिर के पास स्थित जंगलों में यह घटना सामने आई। बताया जा रहा है कि पिछले दो–तीन दिनों से आसपास के ग्रामीणों को इलाके में तेज दुर्गंध महसूस हो रही थी। शुरुआत में लोगों ने इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज कर दिया, लेकिन जब बदबू लगातार बढ़ती गई तो ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस जब मौके पर पहुंची और झाड़ियों के बीच तलाश की, तो वहां एक प्लास्टिक का कट्टा पड़ा मिला, जिसे ऊपर से कपड़ों से ढककर छिपाने की कोशिश की गई थी। जब कट्टे को खोला गया तो उसके अंदर एक महिला का शव मिला। यह मंजर देखकर मौके पर मौजूद लोगों के होश उड़ गए।
पुलिस के अनुसार शव की हालत देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि महिला की उम्र करीब 35 वर्ष रही होगी। प्रारंभिक जांच में यह भी संभावना जताई जा रही है कि हत्या दो से तीन दिन पहले की गई है, जिसके कारण शव सड़ने लगा था और उसी वजह से दुर्गंध फैल रही थी।
रुद्रप्रयाग पुलिस कार्यालय में भावुक पल, एलआईयू निरीक्षक को दी भावभीनी विदाई
घटना की जानकारी मिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। एसएसपी देहरादून, एसपी सिटी और प्रेमनगर थाना पुलिस की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर सील कर दिया और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया। विशेषज्ञों ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया ताकि यह पता लगाया जा सके कि हत्या कैसे और किन परिस्थितियों में की गई।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि मांडूवाला का यह क्षेत्र शाम के बाद काफी सुनसान हो जाता है, जिसका फायदा अपराधियों ने उठाया हो सकता है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि महिला की हत्या इसी स्थान पर की गई या कहीं और हत्या करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया। फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती महिला की पहचान करना है।
जांच के तहत सुधोवाला और मांडूवाला रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही घटना के संभावित समय के दौरान इलाके में सक्रिय मोबाइल नंबरों का डाटा भी जांचा जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह और समय का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल यह मामला देहरादून पुलिस के लिए एक ब्लाइंड मर्डर केस बन गया है और पुलिस जल्द से जल्द आरोपी तक पहुंचने की कोशिश में जुटी हुई है।