
शिक्षक MLC चुनाव की मतगणना फोटो सोर्स-डाइनामाइट न्यूज
गोरखपुर: गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव की मतगणना मंगलवार, 27 अक्टूबर को दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय भवन में सुबह आठ बजे से शुरू होगी। कुल 43,433 मतों की गिनती के लिए 14 टेबल लगाए गए हैं, जिन पर पांच-पांच मतगणना कर्मियों की तैनाती होगी। मतगणना की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे मंडलायुक्त एवं रिटर्निंग ऑफिसर इंद्र विक्रम सिंह और जिलाधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर दीपक मीणा ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मतगणना स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
मतगणना के दौरान सबसे पहले मतपत्रों की छंटनी और उनकी वैधता की जांच की जाएगी। इसके बाद पहली वरीयता के मतों की गिनती होगी। यदि पहली वरीयता के मतों से किसी प्रत्याशी की जीत का फैसला नहीं हो पाता है, तो निर्वाचन नियमों के अनुसार दूसरी वरीयता के मतों की गणना की जाएगी। पूरी प्रक्रिया रिटर्निंग ऑफिसर की निगरानी में निर्वाचन आयोग के नियमों के तहत संपन्न होगी।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त प्रशासन एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर अजय राय तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम वित्त जय प्रकाश भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मतगणना कक्ष, कर्मचारियों की तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
प्रशासन ने मतगणना को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगाने और मतगणना कार्य में किसी तरह का व्यवधान न होने देने के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा। मतगणना पूरी होने और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद निर्वाचन परिणाम घोषित किया जाएगा।
Location : गोरखपुर
Published : 26 October 2026, 7:08 PM IST
Topics : Gorakhpur News Teacher MLC Election UP News