
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (IMG: Pinterest)
Maharajganj: मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित अपमान को लेकर कांग्रेस अब सड़क पर उतरने की तैयारी में है। महराजगंज जिला मुख्यालय में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। पार्टी की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक कार्यकर्ता सक्सेना चौक पर जुटेंगे और हल्द्वानी की घटना के विरोध में अपनी आवाज बुलंद करेंगे। कांग्रेस ने इस प्रदर्शन को दलित, शोषित और पीड़ित समाज के सम्मान के साथ-साथ संविधान की रक्षा से जोड़ते हुए बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधा है।
कांग्रेस के मुताबिक, उत्तराखंड के हल्द्वानी में आयोजित एक बड़ी जनसभा के बाद खड़गे को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। इसके साथ ही जिस मंच से उन्होंने संबोधन किया था, उसे गंगाजल से धुलवाने का आरोप भी लगाया गया है। इसी मामले को लेकर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन का फैसला किया है।
शादी हुई, पर्चा जमा हुआ… लेकिन सामान के लिए अब तक ब्लॉक के चक्कर! महराजगंज में बड़ा सवाल
कांग्रेस की ओर से जारी आह्वान के मुताबिक धरना-प्रदर्शन शुक्रवार को दोपहर 1:30 बजे महराजगंज मुख्यालय स्थित सक्सेना चौक पर होगा। पार्टी ने जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं से निर्धारित समय से पहले कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की अपील की है। कांग्रेस का कहना है कि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता धरने में शामिल होकर खड़गे के कथित अपमान के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएंगे।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मल्लिकार्जुन खड़गे लंबे समय से दलित, शोषित और वंचित वर्गों की आवाज उठाते रहे हैं। ऐसे में उनके साथ कथित तौर पर हुए इस व्यवहार को पार्टी गंभीर मामला मान रही है। कांग्रेस ने कहा है कि संविधान ने सभी नागरिकों को समान अधिकार और सम्मान दिया है। किसी भी व्यक्ति के साथ जाति के आधार पर भेदभाव करना संविधान की मूल भावना के खिलाफ है।
महराजगंज बॉर्डर पर SSB-पुलिस ने रोकी कार, तलाशी ली तो निकले 2,283 नशीले इंजेक्शन! दो आरोपी गिरफ्तार
हल्द्वानी की घटना को लेकर कांग्रेस ने बीजेपी और आरएसएस पर भी सवाल उठाए हैं। पार्टी का आरोप है कि एक तरफ सामाजिक समरसता और समानता की बात की जाती है, लेकिन दूसरी तरफ इस तरह की घटनाएं कथित भेदभावपूर्ण मानसिकता को सामने लाती हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने जिस संविधान के जरिए समानता और अधिकारों की व्यवस्था की, उसका सम्मान हर व्यक्ति और संगठन को करना चाहिए।
शुक्रवार को होने वाले धरना-प्रदर्शन को लेकर स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी नेताओं की ओर से कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की गई है। सक्सेना चौक पर दोपहर 1:30 बजे होने वाले इस प्रदर्शन में कांग्रेस नेता हल्द्वानी की घटना को लेकर अपनी बात रखेंगे। साथ ही बीजेपी और आरएसएस के खिलाफ नारेबाजी और विरोध दर्ज कराया जा सकता है।
Location : Maharajganj
Published : 13 August 2026, 6:29 PM IST