हिंदी
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (IMG: X- Congress)
Noida News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिमी यूपी की सियासत में किसानों को लेकर हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस अब किसान बेल्ट में सीधे गांव-गांव पहुंचने की तैयारी में है। पार्टी 2 अक्टूबर यानी गांधी जयंती से मुजफ्फरनगर से ‘किसान अधिकार यात्रा’ शुरू करेगी। छह दिन चलने वाली इस यात्रा का पहला चरण 7 अक्टूबर को गौतम बुद्ध नगर के जेवर में खत्म होगा। कांग्रेस का कहना है कि यात्रा के जरिए किसानों के अधिकार, उनकी समस्याएं और उनकी मांगें गांव-गांव उठाई जाएंगी।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष और पार्टी के दौरा कार्यक्रम प्रभारी राजबहादुर ने यात्रा का कार्यक्रम घोषित किया है। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी के मुताबिक, अखिल भारतीय किसान कांग्रेस और उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस पश्चिम जोन की ओर से यह यात्रा आयोजित की जा रही है। इसका मकसद किसानों के साथ जनसंपर्क बढ़ाने के साथ ग्रामीण इलाकों में पार्टी संगठन को मजबूत करना भी है।
यात्रा में किसानों के साथ खेत मजदूरों, महिला किसानों, ग्रामीण युवाओं, पशुपालकों और कृषि से जुड़े दूसरे वर्गों की समस्याओं को भी उठाया जाएगा। कांग्रेस का कहना है कि इन वर्गों की आवाज को प्रदेश और केंद्र सरकार तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी।
कांग्रेस के मुताबिक, यात्रा की शुरुआत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में होगी। इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय और पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी संजीव आर्या समेत अन्य नेता शामिल होंगे।
अभिमन्यु त्यागी ने कहा कि पश्चिमी यूपी की अर्थव्यवस्था में खेती की अहम भूमिका है और किसानों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता किसानों के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनेंगे और उनके मुद्दों को संगठित तरीके से उठाएंगे।
किसान अधिकार यात्रा के पहले चरण में पश्चिमी यूपी के छह जिलों को शामिल किया गया है। 2 अक्टूबर को मुजफ्फरनगर के मीरापुर विधानसभा क्षेत्र से इसकी शुरुआत होगी। 3 अक्टूबर को यात्रा शामली के थाना भवन, 4 अक्टूबर को बागपत के छपरौली और 5 अक्टूबर को मेरठ की सिवाल खास एवं मेरठ दक्षिण सीट पहुंचेगी। इसके बाद 6 अक्टूबर को गाजियाबाद की लोनी विधानसभा सीट और 7 अक्टूबर को गौतम बुद्ध नगर की जेवर विधानसभा सीट में यात्रा का समापन होगा।
गौरतलब है कि कांग्रेस ने इस यात्रा को सितंबर की शुरुआत में निकालने की तैयारी की थी, लेकिन खराब मौसम के चलते कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। अब पार्टी ने गांधी जयंती के दिन से यात्रा शुरू करने का नया कार्यक्रम घोषित किया है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिमी यूपी में यह अभियान कांग्रेस के ग्रामीण जनसंपर्क को बढ़ाने की उसकी कोशिश का हिस्सा है।
Location : Noida
Published : 18 September 2026, 4:50 PM IST