Mathura Roadways News: चलती बस में कंडक्टर ने संभाला स्टेयरिंग, यात्रियों की जान से खिलवाड़, दो कर्मी बर्खास्त

मथुरा डिपो की रोडवेज बस में यात्रियों की सुरक्षा से बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। मथुरा से कानपुर जा रही बस में परिचालक ने चालक की सीट पर बैठकर बस चला दी। वीडियो सामने आने के बाद दोनों कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त कर दी गईं।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 27 June 2026, 3:14 PM IST
google-preferred

Mathura: उत्तर प्रदेश रोडवेज की बसों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। मथुरा डिपो की एक बस में ऐसी लापरवाही सामने आई है, जिसे देखकर यात्री भी हैरान रह गए। मथुरा से कानपुर जा रही रोडवेज बस में परिचालक ने रास्ते में चालक की सीट संभाल ली और बस चलानी शुरू कर दी। बस में करीब 35 यात्री सवार थे। यात्रियों ने इसका विरोध भी किया, लेकिन आरोप है कि चालक और परिचालक ने उनकी आपत्तियों को नजरअंदाज कर दिया। इस पूरी घटना का एक यात्री ने वीडियो बना लिया और अधिकारियों तक पहुंचा दिया।

मथुरा से कानपुर जा रही थी रोडवेज बस

जानकारी के मुताबिक, मथुरा डिपो की बस संख्या यूपी-78 केटी-4533 मथुरा के नए बस अड्डे से कानपुर के लिए रवाना हुई थी। बस में यात्री सफर कर रहे थे और यात्रा सामान्य तरीके से चल रही थी। बताया जा रहा है कि आगरा पार करने के बाद परिचालक ने यात्रियों को टिकट बांटने का काम पूरा कर लिया। इसके बाद परिचालक ने ऐसी हरकत की, जिससे यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई।

चालक की सीट पर बैठ गया परिचालक

आरोप है कि टिकट वितरण के बाद परिचालक चालक की सीट पर जाकर बैठ गया और बस चलाने लगा। रोडवेज बस चलाने की जिम्मेदारी केवल प्रशिक्षित और अधिकृत चालक की होती है, लेकिन यहां परिचालक ने नियमों को ताक पर रखकर स्टेयरिंग संभाल लिया। बस में बैठे यात्रियों ने जब इसका विरोध किया तो भी दोनों कर्मचारियों ने उनकी बात नहीं मानी।

‘मथुरा अभी बाकी है’ वाले बयान के बाद चंदे की चर्चा क्यों हुई तेज? जानिए पूरा मामला

यात्री ने बनाया वीडियो

इसी दौरान बस में मौजूद एक जागरूक यात्री ने पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। यात्री ने वीडियो आगरा परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक बीपी अग्रवाल को भेज दिया। वीडियो मिलने के बाद अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल जांच के निर्देश दिए।

जांच में सही पाया गया वीडियो

मामले की जांच मथुरा डिपो के अधिकारियों को सौंपी गई। जांच के दौरान वीडियो सही पाया गया। अधिकारियों ने माना कि चालक और परिचालक ने यात्रियों की सुरक्षा के साथ गंभीर लापरवाही की है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक मदन मोहन शर्मा ने बताया कि बस का चालक संविदाकर्मी हर्ष कुमार था, जबकि परिचालक आउटसोर्स कर्मी मानवेन्द्र सिंह था।

अचानक 60 किमी रफ्तार आंधी ने मथुरा-आगरा में मचाई तबाही, बिजली घंटों गायब, जानिये कैसे टूटी पूरी व्यवस्था

दोनों कर्मचारियों पर गिरी कार्रवाई की गाज

रोडवेज विभाग ने लापरवाही को गंभीर मानते हुए दोनों कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाया। जांच रिपोर्ट के आधार पर चालक और परिचालक दोनों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गईं। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसी लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Location :  Mathura

Published :  27 June 2026, 3:14 PM IST

Advertisement