यूपी में बढ़ी शीतलहर की मार: तापमान में उतार-चढ़ाव से बढ़ी ठिठुरन, अगले हफ्ते भी रहेगा असर

शीतलहर का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है और अगले एक हफ्ते तक ठंड का प्रकोप जारी रहने की संभावना है। सूबे के कई शहरों में तापमान तेजी से नीचे गिरा है, जबकि कोहरे की मोटी परत से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। विशेषज्ञों ने आगामी दिनों में और अधिक ठंड बढ़ने की चेतावनी जारी की है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 8 December 2025, 7:06 AM IST
google-preferred

Lucknow: उत्तर प्रदेश में इन दिनों शीतलहर का प्रभाव लगातार गहराता जा रहा है। प्रदेश के कई इलाके, खासकर पूर्वी और मध्य यूपी के जिले, कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं। बुधवार रात के बाद मौसम ने अचानक करवट ली और तापमान में तेज गिरावट देखी गई। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल अगले एक हफ्ते तक मौसम की यही स्थिति बनी रह सकती है।

8 दिसंबर को मौसम साफ रहने के आसार

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 8 दिसंबर को प्रदेश में आसमान साफ रह सकता है। सुबह के समय कुछ इलाकों में छिटपुट कोहरा देखने को मिलेगा, जबकि दोपहर में हल्की धूप से लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है। पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में तापमान का उतार-चढ़ाव जारी रहेगा, हालांकि दिन का तापमान अपेक्षाकृत सामान्य बना रह सकता है।

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, दिल्ली से लेकर बिहार और राजस्थान तक अलर्ट, न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक गिरा

9 से 11 दिसंबर तक शुष्क रहेगा मौसम

9, 10 और 11 दिसंबर के दौरान पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस अवधि में बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन सुबह के वेले कहीं-कहीं छिछला से मध्यम कोहरा छा सकता है। कोहरे के चलते विजिबिलिटी में कमी आ सकती है, जिससे सड़क यातायात पर असर पड़ेगा और लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत होगी।

12 और 13 दिसंबर को भी कोहरा देगा दस्तक

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 12 और 13 दिसंबर को भी आसमान साफ रहेगा लेकिन कोहरे की मोटी परत लोगों की परेशानियों को बढ़ा सकती है। इन दिनों रात और सुबह के समय ठंड का असर और तेज महसूस होगा। कोहरा और शीतलहर मिलकर तापमान को और नीचे ला सकते हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होगा।

अयोध्या सबसे ठंडा, लखनऊ में गिरावट

प्रदेश के विभिन्न शहरों में दर्ज तापमान के अनुसार अयोध्या में न्यूनतम तापमान 5.5°C, इटावा में 6.6°C और लखनऊ में न्यूनतम 10.7°C और अधिकतम 24.9°C रिकॉर्ड किया गया है। अयोध्या का तापमान इस सीजन में सबसे कम दर्ज किया गया, जिससे सामान्य लोगों के साथ ही व्यापारियों और दैनिक मजदूरों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लखनऊ में भी रात के तापमान में लगातार गिरावट आई है, जबकि दिन में हल्की धूप की वजह से राहत मिल रही है।

आज बदल सकता है उत्तराखंड का मौसम! ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के संकेत, बढ़ेगी सर्दी की मार

दो पश्चिमी विक्षोभ से बढ़ी सर्दी

विशेषज्ञों का मानना है कि लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में यह उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। ये दोनों विक्षोभ अगले 2-3 दिनों में आगे बढ़ जाएंगे, जिसके बाद प्रदेश में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती। अधिकतम तापमान में भी हल्की कमी दर्ज की जा सकती है। सुबह के समय कोहरा और धुंध बनी रहने के साथ हवाएं पछुआ दिशा से चलेंगी, जिससे रात और सुबह की ठिठुरन और ज्यादा महसूस होगी।

दिसंबर में जनवरी जैसी ठिठुरन

प्रदेश में ठंड ने लोगों की दिनचर्या पर खासा असर डाला है। सुबह-सुबह धुंध और कोहरे की वजह से सड़कें खाली रहती हैं और स्कूलों में भी उपस्थिति कम देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि इस बार दिसंबर में ही जनवरी जैसी ठिठुरन महसूस हो रही है, जिससे यह सर्दी पिछले वर्षों की तुलना में अधिक कठिन साबित हो सकती है। बाजारों में हीटर, गर्म कपड़े और कंबलों की मांग बढ़ गई है, जबकि चाय की दुकानों पर सुबह और शाम भीड़ उमड़ रही है।

Location : 
  • Lucknow

Published : 
  • 8 December 2025, 7:06 AM IST