
गाजियाबाद का युवक पहुंचा सुप्रीम कोर्ट (IMG: Dynamite News)
Ghaziabad Desk: गाजियाबाद निवासी और CJP छात्र आंदोलन से जुड़े फूड वॉलंटियर जुनैद मलिक ने पुलिस पर अवैध हिरासत, धमकाने और परिवार को प्रताड़ित करने के आरोप लगाते हुए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। जुनैद का दावा है कि उन्हें जंतर-मंतर से लौटते समय हिरासत में लेकर आंखों पर पट्टी बांध दी गई और बाद में देहरादून रोड पर छोड़ दिया गया। उन्होंने कथित पुलिस कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की है।
गाजियाबाद के मसूरी क्षेत्र निवासी जुनैद मलिक ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर आरोप लगाया है कि गाजियाबाद पुलिस ने उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके पिता को हिरासत में लिया और घर पर दबिश भी दी। याचिका में उन्होंने इन कार्रवाइयों पर रोक लगाने की मांग की है।
दिहाड़ी से नेटफ्लिक्स तक: जानिए कौन हैं ‘मामला लीगल है’ के SHO Pepsu, जो बने CJP के वायरल फेस
एक वीडियो इंटरव्यू में जुनैद मलिक ने दावा किया कि वह जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन में फूड वॉलंटियर के रूप में पहुंचे थे। जुनैद ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान उन्हें एक कुत्ते ने काट लिया था, जिसके बाद वह एक साथी के साथ इलाज के लिए दिल्ली स्थित आरएमएल अस्पताल गए। जुनैद का कहना है कि रात करीब 12:10 बजे अस्पताल से निकलने के बाद उन्होंने ऑटो किया। उनका आरोप है कि करीब 50 मीटर आगे एक गाड़ी ने उनका रास्ता रोक लिया। गाड़ी में मौजूद लोगों ने खुद को दिल्ली पुलिस का बताते हुए कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है और उनके साथ मारपीट नहीं की जाएगी। इसके बाद उनकी आंखों पर पट्टी बांध दी गई और उन्हें एक अन्य स्थान पर ले जाया गया।
जुनैद ने दावा किया कि उन्हें देहरादून रोड की ओर ले जाया गया, जहां एक अधिकारी ने उनसे कई सवाल पूछे। उनसे पूछा गया कि आंदोलन के लिए कोई फंडिंग तो नहीं मिल रही, खाने का इंतजाम कैसे किया जाता है और भोजन कहां से वितरित किया जाता है? उन्होंने आरोप लगाया कि पूछताछ के बाद उन्हें फिर गाड़ी में बैठाकर एक स्थान पर छोड़ दिया गया।
जुनैद ने बताया कि जब उन्होंने वहां मौजूद लोगों से जगह के बारे में पूछा तो उन्हें बताया गया कि वह उत्तराखंड के मसूरी क्षेत्र में हैं। इसके बाद वह अपने स्तर पर वापस लौटे।
जुनैद का आरोप है कि उनके लौटने के बाद गाजियाबाद पुलिस ने उनके घर पर दबिश दी और उनके पिता को कथित तौर पर हिरासत में लिया। उन्होंने यह भी दावा किया कि मेरठ पुलिस ने उनकी बहन के ससुराल पक्ष के लोगों को भी हिरासत में लिया। उनकी बहन की शादी मेरठ में हुई है।
फिलहाल जुनैद मलिक के आरोपों पर गाजियाबाद पुलिस या अन्य संबंधित पुलिस इकाइयों की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सुप्रीम कोर्ट में दायर याचिका और पुलिस के जवाब के बाद ही मामले की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
Location : Ghaziabad
Published : 28 July 2026, 6:03 PM IST