हिंदी
चंदौली में सड़क निर्माण को लेकर स्थानीयों में आक्रोश (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
चन्दौली: मुगलसराय क्षेत्र के चतुर्भुजपुर में सड़क निर्माण कार्य को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय सभासदों और क्षेत्रवासियों ने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के इस्तेमाल तथा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा है, जिससे सड़क बरसात के मौसम में जल्द ही खराब हो सकती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क निर्माण के दौरान निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। आरोप है कि सड़क की लेवलिंग के नाम पर केवल गिट्टी डालकर काम किया जा रहा है, जबकि बिटुमेन और इमल्शन की मात्रा भी तय मानकों से कम इस्तेमाल की जा रही है। इसको लेकर क्षेत्र के लोगों में नाराजगी देखी गई।
स्थानीय निवासी भीम कुमार मोदी ने कहा कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए, लेकिन यहां केवल औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क को मजबूत और टिकाऊ बनाने के बजाय जल्दबाजी में काम किया जा रहा है।
सभासदों ने रुकवाया सड़क निर्मीण का कार्य
वहीं वार्ड-1 के सभासद पारसनाथ यादव ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और कार्यदायी संस्था से एस्टीमेट के अनुसार सड़क निर्माण कराने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता के पैसे से बनने वाली सड़क में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गुणवत्ता को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने निर्माण कार्य को रुकवा दिया।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह मार्ग भारी वाहनों के आवागमन वाला प्रमुख रास्ता है। ऐसे में यदि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई तो कुछ ही महीनों में सड़क उखड़ सकती है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार और गुणवत्ता से समझौता किए जाने के आरोप भी लगाए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं कराया गया तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
फिलहाल पूरे मामले में नगरपालिका प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। क्षेत्रवासियों की नजर अब प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है।
Location : chandauli
Published : 6 June 2026, 12:25 PM IST