हिंदी
किचन में घुसकर कर्मचारियों से मारपीट
Chandauli: चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र स्थित लाट नम्बर दो इलाके में सोमवार देर रात आईआरसीटीसी (IRCTC) बेस किचन में घुसकर अज्ञात युवकों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार जायसवाल स्कूल रोड स्थित होटल एवं रेस्टोरेंट परिसर में संचालित बेस किचन में पहुंचे युवकों ने कर्मचारियों पर पलटे और अन्य सामान से हमला कर दिया। मारपीट में पांच कर्मचारी घायल हो गए। साथ ही परिसर में रखी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया गया।
हमलावरों ने कंपनी पर करीब आठ लाख रुपये का बकाया भुगतान न करने का आरोप लगाया। इसी को लेकर उन्होंने कर्मचारियों से बहस की और बाद में मारपीट पर उतारू हो गए। आरोप है कि युवकों ने कर्मचारियों को काम बंद करने और परिसर छोड़ने की धमकी भी दी।
घटना के कारण दुरंतो एक्सप्रेस के यात्रियों के लिए तैयार किया जा रहा नाश्ता और अन्य खानपान सेवाएं भी प्रभावित हुईं। कर्मचारियों में भय का माहौल बन गया, जिससे कुछ समय के लिए कार्य व्यवस्था बाधित रही।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और कस्बा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई और स्थिति को नियंत्रित किया।
पीड़ित पक्ष की ओर से स्थानीय कोतवाली में लिखित तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Chandauli
Published : 2 June 2026, 6:47 PM IST