Chandauli: तहसील के अंदर चल रहा था रिश्वत का खेल, फिर एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ पकड़ा लेखपाल, जानें पूरा मामला

चंदौली के सकलडीहा तहसील में पट्टे की जमीन की रिपोर्ट लगाने के एवज में 10 हजार रुपये रिश्वत लेते लेखपाल पंकज यादव को एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया। सहयोगी भी पकड़ी गई, 17 फरवरी को कोर्ट में पेशी।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 17 February 2026, 11:55 AM IST

Chandauli: यूपी के चंदौली जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वाराणसी से आई एंटी करप्शन टीम ने एक लेखपाल को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी लेखपाल पंकज यादव पर आरोप है कि उसने पट्टे की जमीन की रिपोर्ट लगाने के एवज में 25 हजार रुपये की मांग की थी।

मामला बलुआ थाना क्षेत्र के बिसापुर निवासी विनय प्रकाश से जुड़ा है। विनय प्रकाश के पिता को सरकार द्वारा पट्टे की भूमि आवंटित की गई थी। जमीन से संबंधित रिपोर्ट लगाने के लिए लेखपाल ने कथित तौर पर 25 हजार रुपये की मांग की। काफी मोलभाव के बाद मामला 10 हजार रुपये में तय हुआ।

एंटी करप्शन टीम ने बिछाया जाल

पीड़ित विनय प्रकाश ने 13 फरवरी को वाराणसी स्थित एंटी करप्शन कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद टीम ने पूरे मामले की जांच की और जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई।

निर्धारित योजना के अनुसार सकलडीहा तहसील के पास लेखपाल पंकज यादव को 10 हजार रुपये लेते समय रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। टीम ने मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई की और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

UP प्रशासन में बड़ी कार्रवाई: चंदौली जमीन घोटाला मामले में तीन PCS अफसर निलंबित, जानिये पूरा मामला

सहयोगी महिला भी गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान आरोपी लेखपाल के साथ उसकी सहयोगी सुखबीर यादव को भी गिरफ्तार किया गया। सुखबीर यादव मैनपुरी जिले की निवासी बताई जा रही है। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि क्या इस मामले में और लोग शामिल हैं या नहीं।

एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई

आरोपी का गृह जनपद इटावा

बताया जा रहा है कि आरोपी लेखपाल पंकज यादव इटावा जिले के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र का निवासी है। फिलहाल वह विसापुर क्षेत्र में लेखपाल के पद पर तैनात था। उसकी गिरफ्तारी के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

मुगलसराय कोतवाली लाया गया आरोपी

एंटी करप्शन टीम आरोपी लेखपाल और उसकी सहयोगी को पकड़कर मुगलसराय कोतवाली पहुंची, जहां आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की गई। अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपियों को 17 फरवरी को वाराणसी कोर्ट में पेश किया जाएगा।

चंदौली में सरकारी कार्रवाई के दौरान अचानक बिगड़े हालात, मौके पर मचा हड़कंप

इस कार्रवाई के बाद जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश गया है। एंटी करप्शन टीम ने साफ किया है कि सरकारी काम के बदले रिश्वत लेने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Location : 
  • Chandauli

Published : 
  • 17 February 2026, 11:55 AM IST