बीच सड़क कार पर केक कटाकर मनाया जन्मदिन, यातायात पूरी तरह से हुआ प्रभावित

चंदौली के शिकारगंज बाजार में पुलिस चौकी से महज 50 मीटर दूर बीच सड़क पर गाड़ी खड़ी कर जन्मदिन मनाने का वीडियो वायरल हुआ है। इसमें एक सिपाही के मौजूद होने का दावा है। यहां बीच सड़क पर चारपहिया वाहन खड़ा करके जन्मदिन का जश्न मनाया और केक काटा गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 13 November 2026, 2:43 PM IST

Chandauli: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले से एक खबर सामने आ रही है, जहां यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ी हैं। यहां बीच सड़क पर चारपहिया वाहन खड़ा करके जन्मदिन का जश्न मनाया और केक काटा गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय यातायात व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर आम लोगों के बीच तरह-तरह के सवाल उठने लगे हैं।

बीच सड़क पर चार पहिया वाहन खड़ा करके जन्मदिन का जश्न मनाया और केक काटा गया(img-dynamite news)

रोड पर वाहन खड़ा होने से लगा था लम्बा जाम

जानकारी के अनुसार, चंदौली के चकिया कोतवाली क्षेत्र स्थित शिकारगंज बाजार में बीते 8 नवंबर को शिकारगंज गांव के रहने वाले सतीश मौर्य की जन्मदिन पार्टी का आयोजन किया गया था। इस जश्न में एक पार्टी के युवा नेता और दर्जनों की संख्या में कार्यकर्ता भी शामिल हुए थे। हैरानी की बात यह रही कि जन्मदिन मनाने के लिए शिकारगंज बाजार के व्यस्त चकिया-अहरौरा मुख्य मार्ग को चुना गया था। वहीं बीच सड़क पर गाड़ी खड़ी कर केक काटने की वजह से लोगों को आने जाने में काफी परेशान हुई, यातायात पूरी तरह से प्रभावित हुआ और सड़क पर लंबा जाम लग गया।

यह भी पढ़ें- ओवैसी-चंद्रशेखर के गठबंधन पर समाजवादी पार्टी का पोस्टर वॉर, कहा- मायावती की तरह होगा दोनों का हाल

चौकी से 50 मीटर की दूरी पर चला नया ट्रेंड

इस मामले ने तब और गंभीर रूप ले लिया, जब वायरल हो रहे वीडियो में शिकारगंज पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही श्रीराम यादव के भी मौके पर मौजूद होने का दावा किया जाने लगा। बताया जा रहा है कि मुख्य मार्ग पर जिस जगह यह जन्मदिन मनाया गया, वह स्थान शिकारगंज पुलिस चौकी से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित है। ऐसे में पुलिस चौकी के इतने करीब और एक सिपाही की कथित मौजूदगी के बावजूद बीच सड़क पर इस तरह का आयोजन कैसे हो गया, यह पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

यह भी पढ़ें-Kanpur Murder: HAL कैंपस के पास किसने की युवक की हत्या? खून से सनी ईंट ने बढ़ाया शक

कार्रवाई की मांग कर रहे लोग

स्थानीय लोगों के बीच इस बात की भी चर्चा जोरों पर है कि पिछले साल सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू का भी इसी तरह सड़क पर केक काटते हुए एक वीडियो वायरल हुआ था। उस वक्त पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए मुगलसराय कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया था। अब शिकारगंज का यह नया वीडियो सामने आने के बाद लोग सवाल पूछ रहे हैं कि क्या कानून सबके लिए बराबर है और यातायात नियम तोड़ने वालों पर समान रूप से कार्रवाई होगी, या फिर राजनीतिक रसूख के आगे नियमों को यूं ही ताक पर रखा जाता रहेगा।

Location :  Chandauli

Published :  13 November 2026, 2:43 PM IST