Deoria Crime: चेकिंग करने पहुंची मंडी टीम पर लाठी-डंडों से हमला, सुरक्षा गार्ड की हालत नाजुक

बदायूं के उझानी में वाहन चेकिंग के दौरान मंडी सचल दल पर लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप लगा है। हमले में सुरक्षा गार्ड राकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सिर में चोट के बाद उन्हें बरेली रेफर किया गया। मंडी निरीक्षक ने वाहन चालक और उसके साथियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 20 November 2026, 10:50 PM IST

Budaun: बदायूं के उझानी में वाहन चेकिंग के दौरान कृषि उत्पादन मंडी समिति के सचल दल पर लाठी-डंडों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में सुरक्षा गार्ड राकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। सिर में चोट लगने के बाद उन्हें बदायूं मेडिकल कॉलेज से बरेली के श्री राममूर्ति स्मारक इंस्टीट्यूट, भोजीपुरा रेफर किया गया। मंडी निरीक्षक ने वाहन चालक और उसके साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

चेकिंग के दौरान वाहन रोकने का किया प्रयास

मंडी निरीक्षक एवं सचल दल प्रभारी सतेन्द्र कुमार गौतम की ओर से कोतवाली उझानी के थाना प्रभारी को दिए गए प्रार्थना-पत्र के मुताबिक, 19 नवंबर 2026 की रात करीब 8 बजे मंडी समिति की टीम अंबेडकर चौराहे पर रोड चेकिंग यानी प्रवर्तन कार्य कर रही थी। इसी दौरान टीम ने वाहन संख्या UP24AT8308 को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी।

देवरिया में ऑपरेशन के दौरान युवक की मौत, शव को 4 घंटे एंबुलेंस में रखकर घुमाने का आरोप

इसके बाद सचल दल ने वाहन का पीछा किया और कुढ़ा नरसिंहपुर शील्ड कोल्ड स्टोरेज के सामने उसे रोक लिया। जांच के दौरान वाहन में करीब 30 कुंतल मिर्च लदी मिली। टीम ने चालक से माल से संबंधित प्रपत्र दिखाने को कहा।

आरोप है कि प्रपत्र मांगने पर चालक अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने लगा और गाली-गलौज करने लगा। इस पर सुरक्षा गार्ड राकेश कुमार और वेदपाल ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन चालक नहीं माना।

लाठी-डंडों से किया हमला

मंडी निरीक्षक की ओर से दिए गए प्रार्थना-पत्र में आरोप लगाया गया है कि वाहन चालक ने फोन करके अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में दो मोटरसाइकिलों पर करीब छह लोग लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए। टीम कुछ समझ पाती, उससे पहले ही आरोपियों ने हमला कर दिया।

इस हमले में सुरक्षा गार्ड राकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दूसरे सुरक्षा गार्ड वेदपाल को गुम चोटें आईं। अचानक हुए हमले के बाद सचल दल के अन्य सदस्यों को भी अपनी जान बचाकर वहां से निकलना पड़ा।

घटना के समय मंडी निरीक्षक एवं सचल दल प्रभारी सतेन्द्र गौतम, मंडी सहायक सह प्रभारी प्रवेन्द्र सिंह, चौकीदार सदस्य अजय कश्यप और वाहन चालक आकाश कुमार गौतम टीम में मौजूद थे। इन लोगों ने किसी तरह खुद को बचाया और गंभीर रूप से घायल राकेश कुमार को सचल दल के वाहन संख्या UP24CT6450 से बदायूं मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।

गूंजनी थी जन्मदिन की बधाइयां, पर रोहतक से आई मौत की खबर; ट्रक चालक की लापरवाही ने परिवार को दिया कभी न भरने वाला जख्म

पुलिस से कार्रवाई की मांग

बदायूं मेडिकल कॉलेज में राकेश कुमार का प्राथमिक उपचार किया गया। प्रार्थना-पत्र के मुताबिक, मेडिकल कॉलेज के आपातकालीन डॉक्टर ने उनका एक्स-रे और सीटी स्कैन कराया। जांच के बाद डॉक्टर ने हेड इंजरी बताते हुए उन्हें हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी।

इसके बाद एंबुलेंस के माध्यम से राकेश कुमार को बरेली के श्री राममूर्ति स्मारक इंस्टीट्यूट, भोजीपुरा में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की ओर से उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

इस मामले में मंडी निरीक्षक एवं सचल दल प्रभारी सतेन्द्र कुमार गौतम ने कोतवाली उझानी के थाना प्रभारी को प्रार्थना-पत्र देकर वाहन संख्या UP24AT8308 के चालक और उसके सहयोगियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने और अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया है।

फिलहाल प्रार्थना-पत्र में लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले में प्राथमिकी दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की गई है। घटना में घायल सुरक्षा गार्ड राकेश कुमार का बरेली में उपचार चल रहा है।

Location :  Budaun

Published :  20 November 2026, 10:50 PM IST