बदायूं में चोरी के मामले में तीन महिलाओं समेत 4 पकड़े गए, 3.88 लाख रुपये बरामद

बदायूं के सिविल लाइन थाना पुलिस ने चोरी के मामले में तीन महिलाओं और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 3.88 लाख रुपये नकद और पीली धातु के आभूषण बरामद किए गए।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 November 2026, 2:52 PM IST

बदायूं : चोरी के एक मामले में वांछित तीन महिलाओं और एक बाल अपचारी को सिविल लाइन थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से 3 लाख 88 हजार रुपये नकद, पीली धातु की एक चैन और नग लगी तीन अंगूठियां बरामद हुई हैं। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

रेलवे स्टेशन शेखूपुर से हुई गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार, 5 नवंबर 2026 को थाना सिविल लाइन पुलिस की टीम ने रेलवे स्टेशन शेखूपुर से तीन महिला अभियुक्ताओं और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में की गई।

गिरफ्तार महिलाओं की पहचान सोनम (करीब 27 वर्ष), पूना उर्फ पूजा (25 वर्ष) और रेनू (करीब 35 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों अलीगढ़ जिले के थाना बन्नादेवी क्षेत्र स्थित बापूधाम सारसौल की निवासी बताई गई हैं। वहीं, पकड़ा गया बाल अपचारी करीब 16 वर्ष का है और हाथरस जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र की लेबर कॉलोनी का निवासी बताया गया है।

Budaun News: दिवाली पर बदायूं को बड़ा तोहफा! 5 वार्डों में बनेंगी सड़कें, 90 LED लाइटों से जगमगाएंगे इलाके

3.88 लाख रुपये नकद और आभूषण बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 3 लाख 88 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा एक पीली धातु की चैन और नग लगी पीली धातु की तीन अंगूठियां भी बरामद की गई हैं। पुलिस के मुताबिक, ये सभी आरोपी चोरी के मामले में वांछित थे।

बाल अपचारी को किशोर न्याय बोर्ड भेजा जाएगा

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार महिला अभियुक्ताओं को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। वहीं, बाल अपचारी को नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इस कार्रवाई की जानकारी एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने दी। पुलिस ने बताया कि वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।

Location :  Budaun

Published :  5 November 2026, 2:52 PM IST