Budaun Crime: घर में फंदे से लटका मिला युवक, मां पहुंची तो हुआ खुलासा

बदायूं के उझानी क्षेत्र में पत्नी से विवाद के चलते एक युवक ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मां के घर लौटने पर घटना का खुलासा हुआ। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है, प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का माना जा रहा है।

Updated : 14 April 2026, 12:08 PM IST
google-preferred

Budaun: जिले के उझानी नगर स्थित मोहल्ला अहिरटोला में देर रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई। 35 वर्षीय दिनेश कुमार दुबे ने अपने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था, जिसके चलते काफी देर तक इस घटना की जानकारी किसी को नहीं हो सकी। घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

मां के घर लौटने पर हुआ खुलासा

जानकारी के अनुसार दिनेश मूल रूप से गठौना गांव के निवासी थे और पिछले कुछ समय से अपनी बुजुर्ग मां के साथ अहिरटोला में रह रहे थे। सोमवार शाम जब उनकी मां घर लौटीं तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। उन्होंने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका में उन्होंने शोर मचाया और पड़ोसियों को बुलाया। मोहल्ले वालों की मदद से जब दरवाजा खोला गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए- दिनेश का शव फंदे से लटका हुआ था।

Budaun Car Fire: कौन जानता था यह सफर आखिरी होगा, चलती कार में आग और चीखों में बदल गई रात की खामोशी

सूचना पर पहुंची पुलिस, शुरू हुई जांच

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

पत्नी से विवाद बना बड़ी वजह

परिजनों और पड़ोसियों के मुताबिक दिनेश का अपनी पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा था। कुछ समय पहले उनकी पत्नी उन्हें छोड़कर मायके चली गई थी। इस घटना के बाद से ही दिनेश मानसिक रूप से काफी तनाव में रहने लगे थे। आसपास के लोगों ने बताया कि वह पिछले कई दिनों से गुमसुम रहते थे और किसी से ज्यादा बातचीत नहीं करते थे।

Budaun: दो बाइक की भिड़ंत,19 वर्षीय युवक की मौत; जानिये पूरा मामला

मां का रो-रोकर बुरा हाल

इकलौते बेटे की मौत की खबर सुनते ही बुजुर्ग मां बेसुध हो गईं। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि दिनेश ही उनका एकमात्र सहारा था और अब उनके जीवन में कुछ भी नहीं बचा। मां की हालत देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और माहौल बेहद गमगीन हो गया।

Location :  Budaun

Published :  14 April 2026, 12:08 PM IST

Advertisement