बदायूं में भीषण सड़क हादसा: एंबुलेंस-टेंपो की जोरदार टक्कर में 2 की मौत, 2 गंभीर; चीख-पुकार से गूंजा इलाका

बदायूं-मुरादाबाद हाईवे पर मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार एंबुलेंस और सवारियों से भरे टेंपो की टक्कर ने पूरे इलाके को हिला दिया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर घायलों को बरेली रेफर किया गया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 18 August 2026, 1:37 PM IST

Budaun: बदायूं के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह बदायूं-मुरादाबाद हाईवे पर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को हिला दिया। तेज रफ्तार प्राइवेट एंबुलेंस और सवारी से भरे टेंपो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, यह घटना देहमी गांव के पास करीब सुबह 8 बजे की है।

कैसे हुआ हादसा?

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वजीरगंज से टेंपो में सवार होकर 5 लोग बदायूं की ओर आ रहे थे। टेंपो में दो महिलाएं, दो पुरुष और एक किशोर सवार थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार प्राइवेट एंबुलेंस ने गलत दिशा में आकर टेंपो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो सड़क किनारे पलट गया और उसके परखच्चे उड़ गए। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग और राहगीर मौके पर दौड़े। चारों तरफ चीख-पुकार मच गई।

ये भी पढ़ें- Ukraine to Deoria: जिस बेटे के लौटने की थी उम्मीद, अब घर आ रहा उसका पार्थिव शरीर… रुला देगी देवरिया के अभिषेक की कहानी

मृतकों की नहीं हो पाई पहचान

हादसे में टेंपो सवार 2 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची।  गंभीर रूप से घायल 2 लोगों को पहले जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर बरेली रेफर कर दिया। एक किशोर को मामूली चोटें आई हैं।

ये भी पढ़ें- मुजफ्फरनगर में गायों के दुश्मनों और पुलिस के बीच मुठभेड़, एक आरोपी को लगी गोली और 2 साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार

पुलिस जांच में जुटी

सिविल लाइन थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एंबुलेंस और टेंपो को थाने ले जाकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में एंबुलेंस चालक की लापरवाही सामने आ रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद करीब आधे घंटे तक हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराया।

Location :  Budaun

Published :  18 August 2026, 1:37 PM IST