कांवड़ यात्रा को लेकर बदायूं में हाई अलर्ट, कछला गंगा घाट पर ड्रोन की निगरानी से चप्पे-चप्पे पर नजर

बदायूं में कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। कछला गंगा घाट पर लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी बीच अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने खुद मौके पर पहुंचकर घाट और यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था को परखा।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 23 August 2026, 4:45 AM IST

Budaun: जिले के उझानी कोतवाली क्षेत्र के कछला पर श्रावण मास में कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी क्रम में शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह ने कछला गंगा घाट एवं कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस दौरान एएसपी नगर ने घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। घाट पर ड्रोन कैमरे के माध्यम से कड़ी निगरानी रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था का निरंतर जायजा लिया जा रहा है।

कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा चाक-चौबंद

एएसपी अभिषेक कुमार सिंह ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। घाट एवं कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन कैमरों एवं अन्य आधुनिक तकनीकी संसाधनों के माध्यम से सतत निगरानी रखी जाए।

यातायात व्यवस्था के लिए जारी हुए सख्त निर्देश

कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित भीड़ एवं यातायात के दृष्टिगत रूट डायवर्जन, पार्किंग व्यवस्था, बैरियर, भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन एवं वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।

यातायात को लेकर बड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं
1. बाईपास की ओर नवनिर्मित हाईवे पर कछला की ओर से दोपहिया वाहन उझानी की ओर जा सकेंगे, लेकिन वापसी की अनुमति नहीं होगी।
2. दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी।
3. सोरों साइड में डीजे वाहनों के लिए पृथक पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
4. किसी भी वाहन को पुल अथवा घाट की ओर अनधिकृत रूप से जाने नहीं दिया जाएगा।

प्रभारी निरीक्षक उझानी एवं यातायात निरीक्षक को निर्देशित किया गया कि निर्धारित यातायात व्यवस्था का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए, जिससे कांवड़ियों, श्रद्धालुओं एवं आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

पानी के बहाव में गायब हुई सड़क… बदायूं में उफनती नदी के बीच जान जोखिम में डालकर निकल रहे लोग

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराना प्रशासन एवं पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

अलर्ट रहने के निर्देश

उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, पुलिस बल को लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने और आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए।

बैंक के सामने खड़ी थी बाइक, कुछ ही देर में हो गई गायब! CCTV में कैद हुई बदायूं की चोरी

निरीक्षण के दौरान प्रभारी निरीक्षक उझानी प्रवीण कुमार सिंह, चौकी प्रभारी कछला व अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Location :  Budaun

Published :  23 August 2026, 4:40 AM IST