रात के अंधेरे में लगाए ताले, कर्मचारियों को दी धमकी, बदायूं के स्कूल में दबंगई का वीडियो वायरल

बदायूं के मिशन इंग्लिश हाई स्कूल में प्रबंधन विवाद के बाद जबरन घुसपैठ और ताले तोड़ने का गंभीर आरोप लगा है। एडमिनिस्ट्रेटर शोभा फ्रांसिस ने एसएसपी से शिकायत कर बताया कि आरोपियों ने ताले तोड़कर कर्मचारियों को धमकाया, जिससे 300 बच्चों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। मामला कोर्ट में विचाराधीन है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 28 July 2026, 4:54 PM IST

Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं स्थित मिशन इंग्लिश हाई स्कूल में स्कूल प्रबंधन को लेकर विवाद एक बार फिर गहरा गया है। स्कूल की एडमिनिस्ट्रेटर शोभा फ्रांसिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अंकिता शर्मा को शिकायत देकर आरोप लगाया है कि 30 जून की शाम से आधी रात के बीच मोहिनी वेलिंगटन, रितिका वेलिंगटन और उनके 8-10 समर्थक जबरन स्कूल परिसर में घुस आए। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने पुराने ताले तोड़कर नए ताले लगा दिए तथा चौकीदार महेंद्र सिंह, उनकी पत्नी सरिता और बेटे को धमकाकर परिसर खाली करने का दबाव बनाया।

300 छात्रों की सुरक्षा पर खतरे का दावा

शिकायत में कहा गया है कि घटना के कारण करीब 300 छात्रों की सुरक्षा प्रभावित हुई और स्कूल को छुट्टी घोषित करनी पड़ी। शिक्षिका का आरोप है कि घटना की सूचना पुलिस को तत्काल दी गई थी और वीडियो भी SSP को भेजा गया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस की ओर से इस मामले में फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

ये भी पढ़ें - बिल के पैसों पर बबाल; जानिए कैसे बदायूं के होटल में देखते ही देखते चलने लगे लात-घूंसे

स्कूल की जमीन को लेकर चल रहा विवाद

शिकायत के मुताबिक, मिशन इंग्लिश हाई स्कूल की जमीन और प्रबंधन को लेकर कई वर्षों से विवाद चल रहा है। आरोप है कि वर्ष 2000 में जमीन के रिकॉर्ड तैयार किए गए और 2015 में रिकॉर्ड में बदलाव कर प्रबंधन से जुड़े नाम बदले गए। वर्ष 2021 में चर्च की संपत्ति से जुड़े कथित लेनदेन के बाद मामला अदालत पहुंचा और सिविल सूट संख्या 76/2022 अब भी न्यायालय में लंबित है। इसी दौरान मोहिनी वेलिंगटन को स्कूल संचालन की दी गई पूर्व अनुमति भी निरस्त कर दी गई थी।

गबन के आरोप समेत कई मुकदमे कोर्ट में लंबित

शिकायत में आगे कहा गया है कि 2024 और 2025 के दौरान स्कूल संचालन को लेकर विभिन्न अनुबंध किए गए, जबकि जुलाई 2025 में रितिका वेलिंगटन और एक क्लर्क पर 5-6 लाख रुपये के कथित गबन का मामला भी दर्ज हुआ। इसके अलावा स्कूल और सोसाइटी से जुड़े कई अन्य दीवानी व आपराधिक मामले बदायूं कोर्ट तथा हाई कोर्ट में विचाराधीन हैं।

ये भी पढ़ें - बदायूं : युवती के विवाद में ऐसा क्या हुआ कि बीच सड़क मच गई भगदड़? गूंजी गोलियों की आवाज

SSP से स्कूल परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग

फ्रांसिस ने SSP से मांग की है कि न्यायालय के अंतिम आदेश तक विपक्षों को स्कूल परिसर में प्रवेश से रोका जाए और शिक्षकों, कर्मचारियों व छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि कक्षाओं का संचालन निर्बाध रूप से जारी रह सके। उनका आरोप है कि विवाद के कारण बच्चों के शिक्षा के अधिकार और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

Location :  Budaun

Published :  28 July 2026, 4:18 PM IST