
पीड़ित महिल (Img: Dynamite News)
Budaun: बदायूं के सहसवान कोतवाली क्षेत्र में बेरोजगारी का फायदा उठाकर ठगी करने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। यहां एक महिला को सरकारी स्कूल में रसोइया की नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो शिक्षकों ने कथित तौर पर 50 हजार रुपये हड़प लिए। पैसे वापस मांगने पर महिला के साथ अभद्रता करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप है। पीड़िता ने उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता के मुताबिक, प्राथमिक विद्यालय जोनेरा में तैनात अध्यापिका रफत उर्फ बाबी और प्राथमिक विद्यालय नया गांव में कार्यरत उनके भाई आसिफ ने उससे संपर्क किया। दोनों ने दावा किया कि विद्यालय में मिड-डे मील योजना के तहत रसोइया का पद खाली है और उनकी पहुंच से नौकरी पक्की लगवा देंगे। इसके एवज में उन्होंने 50 हजार रुपये की मांग की।
महिला ने बताया कि उसने अपनी गाढ़ी कमाई और रिश्तेदारों से उधार लेकर रकम आरोपियों को दे दी। महीनों बीत जाने के बाद भी जब नौकरी नहीं मिली तो उसने रफत और आसिफ से संपर्क किया। आरोप है कि दोनों टालमटोल करते रहे।
जब पीड़िता ने दबाव बनाकर अपने पैसे वापस मांगे तो दोनों आरोपी भड़क गए। महिला का आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और रकम लौटाने से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, उसे फर्जी मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी भी दी गई।
पीड़िता ने बताया कि वह बेहद गरीब परिवार से है और नौकरी के लालच में उसने कर्ज लेकर पैसा दिया था। अब पैसा डूबने से परिवार भुखमरी की कगार पर पहुंच गया है।
इस पूरे मामले पर सहसवान कोतवाली इंस्पेक्टर धनंजय सिंह का कहना है कि पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है जो भी तथ्य सामने निकल कर आएंगे आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ठगी का शिकार हुई महिला ने पूरे मामले की लिखित शिकायत बेसिक शिक्षा अधिकारी व पुलिस के उच्चाधिकारियों को दी है। उसने दोनों शिक्षकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर रकम वापस दिलाने की मांग की है।
इस संबंध में जब आरोपियों से पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो उनसे संपर्क नहीं हो सका। वहीं शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिली है। मामले की जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
Location : Budaun
Published : 6 May 2026, 11:34 AM IST
Topics : Budaun News crime news Job Fraud up crime