सोते वक्त अचानक भरभराकर गिरा मकान और मची चीख-पुकार, बदायूं में बारिश का कहर, मासूम की मौत और तीन गंभीर

बदायूं जिले के कुंवरगांव थाना क्षेत्र के बनगड़ गांव में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते कच्चे मकान की छत गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मलबे में दबकर एक मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 28 September 2026, 2:45 PM IST
google-preferred

Budaun: बदायूं जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब जानलेवा साबित हो रही है। कुंवरगांव थाना क्षेत्र के बनगड़ गांव में बीती रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। कच्चे मकान की छत भरभराकर गिर गई, जिसके मलबे में दबकर एक मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

सोते समय गिरा मकान, चीख-पुकार सुन दौड़े पड़ोसी

जानकारी के अनुसार बनगड़ गांव निवासी एक परिवार रात में अपने कच्चे मकान में सो रहा था। लगातार तीन दिन से हो रही बारिश के कारण मकान की मिट्टी की छत कमजोर हो गई थी। देर रात अचानक छत भरभराकर गिर गई और नीचे सो रहे चार लोग उसके मलबे में दब गए।

यह भी पढ़ें - Budaun: गौशालाओं में मौतों पर आंकड़ों का खेल, प्रशासन और गौसेवकों के दावे अलग-अलग, पशु प्रेमियों में आक्रोश

छत गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के पड़ोसी मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला और तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया।

एक बच्चे की मौत, तीन की हालत गंभीर

जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने एक बच्चे को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बनगड़ गांव निवासी के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल रोहन (1.5 वर्ष) पुत्र जयकिशन, जान्वी (6 वर्ष) पुत्री जयकिशन, कालीचरण (60 वर्ष) पुत्र गंगा राम और अजीत (7 वर्ष) पुत्र जयकिशन गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह भी पढ़ें - Budaun: मैरिज हॉल बना नकली खाद का अड्डा, छापे के बाद सामने आई हैरान करने वाली सच्चाई

तीन लोगों की हालत ज्यादा गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल से बरेली मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया है।

गांव में पसरा मातम, प्रशासन ने दिया मदद का आश्वासन

इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश से कई कच्चे मकान जर्जर हो गए हैं और कभी भी गिर सकते हैं। सूचना पर पहुंचे राजस्व विभाग की टीम ने घटना का जायजा लिया है और पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।

Location :  Budaun

Published :  28 September 2026, 2:35 PM IST

Related News

Advertisement