Budaun Factory Accident: मृतकों के परिजनों से मिलने पहुंचे सपा सांसद आदित्य यादव, कहा- समाजवादी पार्टी आपको इंसाफ दिलवाएगी

बदायूं के मैन्था फैक्ट्री हादसे में मृतक श्रमिकों के परिवारों से मुलाकात कर समाजवादी पार्टी सांसद आदित्य यादव ने न्याय और आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया। सांसद ने प्रशासन और फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 22 January 2026, 7:06 PM IST

Badaun: बदायूं के उझानी थाना क्षेत्र में मैन्था फैक्ट्री में हुए दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। जहां निर्दोष श्रमिकों की जान गई, वहीं उनके परिवार आज गहरी शोक स्थिति में हैं। समाजवादी पार्टी के सांसद आदित्य यादव ने घटनास्थल का दौरा करने के बजाय सीधे मृतक श्रमिकों के घर जाकर परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

सांसद आदित्य यादव सबसे पहले बिल्सी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम वसावनपुर पहुंचे, जहां उन्होंने हादसे में मृतक जुगेन्द्र यादव के परिवार से मुलाकात की और उनकी पीड़ा सुनी। इसके बाद शेखूपुर क्षेत्र के ग्राम पसेई में मृतक विवेक यादव के परिजनों से भेंट कर संवेदना जताई। अंत में दातागंज के ग्राम मुडसेना जाकर वीरभान सिंह यादव के परिजनों को ढांढस बंधाया। सांसद ने हर परिवार को आश्वासन दिया कि न्याय दिलाने और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए वे हर संभव कदम उठाएंगे।

सांसद ने लगाए प्रशासन पर गंभीर आरोप

आदित्य यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रशासन, पुलिस और सरकार की मिलीभगत से पीड़ित परिवारों की आवाज दबाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े हादसे के बाद भी पीड़ितों को न तो न्याय मिला है और न ही कोई ठोस आर्थिक सहायता। सांसद ने कहा कि फैक्ट्री प्रबंधन की घोर लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ और निर्दोष श्रमिकों की जान गई।

Eternal में बड़ा बदलाव… Zomato के फाउंडर दीपिंदर गोयल ने सैलरी छोड़ी, जानिए नए CEO को कितनी मिलेगी सैलरी?

सांसद ने कहा कि मृतक श्रमिकों के परिवारों को तुरंत आर्थिक मदद दी जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच एसआईटी (SIT) से कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों की अनदेखी हुई तो समाजवादी पार्टी सड़क से सदन तक संघर्ष करने में पीछे नहीं हटेगी।

इसके बाद आदित्य यादव अपने संसदीय क्षेत्र के भ्रमण पर निकले और विभिन्न गांवों एवं कस्बों में जाकर आमजन, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया। उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं, जनहित मुद्दों और सुझावों को गंभीरता से सुना। इस मौके पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष, पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।

Location : 
  • Badaun

Published : 
  • 22 January 2026, 7:06 PM IST