हिंदी
Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में दशकों से गांधी ग्राउंड में लगने वाली ऐतिहासिक प्रदर्शनी इस बार नगरपालिका प्रशासन की घोर लापरवाही की भेंट चढ़ गई। अनुमति की आधिकारिक प्रक्रिया अधूरी रहने के कारण जिला प्रशासन ने बीच में ही चल रही प्रदर्शनी को पूरी तरह बंद करा दिया है। इस अचानक लगी रोक के कारण दूर-दराज के राज्यों और जिलों से रोजगार की उम्मीद लेकर आए सैकड़ों दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
जानकारी के मुताबिक, नगरपालिका प्रशासन ने इस प्रदर्शनी के ठेके के एवज में ठेकेदार से लगभग 50 लाख रुपये की मोटी रकम वसूली और रसीद काटकर जमीन सौंप दी। ठेका मिलते ही गांधी ग्राउंड में दुकानें सज गईं और प्रदर्शनी शुरू भी हो गई। लेकिन नगरपालिका के अधिकारी समय पर जरूरी अनुमतियां लेना भूल गए।
सूत्रों के अनुसार, अनुमति की फाइल में पुलिस और गोपनीय विभाग की रिपोर्ट तो लग गई, लेकिन अग्निशमन विभाग (Fire Department) की एनओसी (NOC) नहीं मिल सकी। इसी एक दस्तावेज की कमी के चलते प्रशासन को सुरक्षा कारणों से प्रदर्शनी रुकवानी पड़ी। अब झूले और स्टॉल बंद होने से ग्राउंड में सन्नाटा पसरा है और व्यापारियों की लाखों की पूंजी डूबने की कगार पर है।
Location : Budaun
Published : 11 June 2026, 3:06 PM IST