हिंदी
मुठभेड़ में दरोगा और सिपाही जख्मी (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। बदायूं-बिल्सी मार्ग पर प्रस्तावित नई जेल की जमीन के पास देर रात पुलिस और एक शातिर अपराधी के बीच भीषण मुठभेड़ हो गई। इस एनकाउंटर में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश जितेंद्र उर्फ ढिल्लू मारा गया है।
पुलिस और बदमाश के बीच हुई इस आमने-सामने की गोलीबारी में सब-इंस्पेक्टर नीरज कुमार और सिपाही अविनाश भी जख्मी हुए हैं। दोनों पुलिसकर्मियों के हाथ में गोली लगी है, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत अब खतरे से बाहर है।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, सिविल लाइंस थाना पुलिस भोर में करीब 3 बजे बदायूं-बिल्सी रास्ते पर आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी बीच एक संदिग्ध व्यक्ति आता हुआ दिखाई दिया। जब पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, तो उसने रुकने के बजाय पुलिस पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं और भागने की कोशिश की।
बदायूं में एनकाउंटर के बाद अस्पताल की इमरजेंसी पुलिस के कब्जे में, इलाज न मिलने से तड़पते रहे मरीज
पुलिस ने खुद का बचाव करते हुए तुरंत उसकी घेराबंदी की और जवाबी फायरिंग की। इस मुठभेड़ में आरोपी जितेंद्र उर्फ ढिल्लू को सीने में गोली लग गई। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को घटनास्थल से एक पिस्तौल और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस मिले हैं।
मारा गया अपराधी जितेंद्र उर्फ ढिल्लू मूल रूप से हापुड़ जिले का रहने वाला था, लेकिन पिछले कुछ समय से वह संभल जिले में अपना ठिकाना बनाकर रह रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, ढिल्लू एक बेहद शातिर और पुराना अपराधी था।
उस पर हापुड़, मुजफ्फरनगर, संभल, अमरोहा और गौतमबुद्धनगर (नोएडा) जैसे कई जिलों में गोकशी, हत्या का प्रयास और गैंगस्टर एक्ट समेत दो दर्जन (24) से भी ज्यादा संगीन आपराधिक मामले दर्ज थे। वह इस्लामनगर में हुई एक डकैती और गाय काटने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसके चलते पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम रखा था।
बदायूं में 50 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में ढेर, दरोगा-सिपाही घायल
इस एनकाउंटर के बाद बदायूं पुलिस के बयानों को लेकर विवाद शुरू हो गया है। बदायूं एसएसपी का कहना है कि आरोपी पुलिस को देखकर भाग रहा था और घेराबंदी के दौरान दोनों तरफ से गोलियां चलीं। अब सोशल मीडिया और जानकारों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि अगर आरोपी पुलिस को देखकर भाग रहा था, तो गोली उसकी पीठ के बजाय सीधे सीने में कैसे लगी?
वहीं घायल पुलिसकर्मियों के भी हाथों में गोली लगी है। एसएसपी के बयान और मौके के हालातों में फर्क दिखने की वजह से पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान लग रहे हैं। हालांकि, अधिकारियों का साफ कहना है कि बदमाश ने पहले हमला किया था और पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई।
Location : Budaun
Published : 2 July 2026, 11:11 AM IST
Topics : Budaun encounter Budaun News UP News UP Police