हिंदी
सीकरी गांव में पहुंचा प्रशासनिक अमला
Budaun: जिले के बिसौली तहसील क्षेत्र के सीकरी गांव से जुड़ी डायनामाइट न्यूज़ की खबर का बड़ा असर हुआ है। खबर प्रसारित होते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया और बुधवार को प्रशासनिक अमला गांव पहुंच गया।
आपको बता दें कि सीकरी गांव में 100 से ज्यादा घरों पर ताला लटका होने की खबर डायनामाइट न्यूज़ ने प्रमुखता से दिखाई थी। ग्रामीणों में पुलिस की कार्रवाई को लेकर दहशत का माहौल बताया जा रहा था। खबर का संज्ञान लेते हुए बिसौली के उपजिलाधिकारी (SDM) और क्षेत्राधिकारी (CO) बिसौली भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे।
गांव पहुंचकर SDM और CO ने सबसे पहले बंद पड़े घरों की स्थिति का जायजा लिया। गली-गली घूमकर उन घरों को देखा जिन पर ताला लगा हुआ था। इसके बाद अधिकारियों ने गांव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।
SDM ने ग्रामीणों से पूछा कि पुलिस द्वारा अनावश्यक रूप से तो परेशान नहीं किया जा रहा है? यदि किसी निर्दोष को परेशान किया जा रहा है तो वह खुलकर अपनी बात रख सकता है। प्रशासन हर व्यक्ति की बात सुनने को तैयार है। अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि किसी भी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
वहीं इस दौरान CO बिसौली ने पुलिस कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों से फीडबैक लिया। उन्होंने ग्रामीणों द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताया। CO का कहना है कि पुलिस नियमानुसार और निष्पक्ष कार्रवाई कर रही है। किसी को भी बेवजह परेशान नहीं किया जा रहा है।
किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने और गांव में लौट आने की अपील की है। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई के बाद ग्रामीणों में कुछ राहत देखी जा रही है।
Location : Budaun
Published : 28 August 2026, 6:17 AM IST