शादी के 14 दिन बाद दुल्हन ने पति को छोड़ा, कहा- अपने आशिक को नहीं छोड़ सकती, गाजियाबाद में नवेली बहूरानी सब पर पड़ी भारी

गाजियाबाद के कौशांबी क्षेत्र में शादी के महज 14 दिन बाद दुल्हन के मायके चले जाने से विवाद खड़ा हो गया। पति का आरोप है कि पत्नी ने शादी के कुछ दिन बाद अपने प्रेमी से संबंध की बात बताई और उसके साथ रहने की इच्छा जताई। पति के मुताबिक, जब उसने पत्नी के परिवार को इसकी जानकारी दी तो उसके साथ मारपीट की गई...

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 17 September 2026, 5:37 PM IST

Ghaziabad News: गाजियाबाद में शादी के महज 14 दिन बाद एक नवविवाहिता के मायके चले जाने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद सामने आया है। पति का आरोप है कि शादी के करीब एक हफ्ते बाद उसने पत्नी को फोन पर एक युवक से बात करते देखा। पूछने पर पत्नी ने कथित तौर पर उसे अपना प्रेमी बताया और कहा कि वह उसे नहीं छोड़ सकती। पति के मुताबिक, जब उसने यह बात पत्नी के परिवार को बताई तो विवाद बढ़ गया और उसके साथ मारपीट की गई। अब पति ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। मामला कौशांबी थाना क्षेत्र का है।

शादी में करीब 4 लाख रुपये खर्च करने का दावा

वैशाली निवासी अभिनव खंडेलवाल पानी सप्लाई का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि मई 2026 में पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने पानीपत की रहने वाली रानी से उनका रिश्ता कराने की बात कही थी। दोनों परिवारों में बातचीत के बाद रिश्ता तय हो गया। अभिनव का कहना है कि लड़की का परिवार आर्थिक रूप से कमजोर था, इसलिए शादी में किसी तरह का लेन-देन नहीं हुआ और शादी का पूरा खर्च उनके परिवार ने उठाया। 11 जुलाई को कौशांबी क्षेत्र में दोनों की शादी हुई, जिसमें करीब चार लाख रुपये खर्च हुए।

शादी के सात दिन बाद फोन पर बात करते देखा

अभिनव के मुताबिक, शादी के करीब सात दिन बाद उन्होंने रानी को फोन पर किसी युवक से बात करते देखा। पूछताछ में पत्नी ने कथित तौर पर बताया कि युवक उसका प्रेमी है और वह उसे छोड़ना नहीं चाहती। इसके बाद अभिनव ने अपनी मां और पत्नी के परिवारवालों को इसकी जानकारी दी।

ससुराल में विवाद का आरोप

अभिनव का आरोप है कि इसके बाद रानी ने उसके माता-पिता से विवाद किया और घर से चले जाने के लिए कहा। पति के मुताबिक, पत्नी ने उस पर भी कई आरोप लगाए और साथ रहने से इनकार कर दिया। परिवार के बीच बढ़ते विवाद के बाद मामला और बिगड़ता गया।

नस काटने और आग लगाने की धमकी का आरोप

अभिनव का दावा है कि इससे पहले राजस्थान के एक धार्मिक स्थल से भी रानी के भागने की कोशिश की बात सामने आई थी। बाद में जब वह गाजियाबाद स्थित ससुराल पहुंची तो वहां भी विवाद हुआ। पति का आरोप है कि इस दौरान पत्नी ने हाथ की नस काटने और गैस सिलेंडर से आग लगाने जैसी धमकियां दीं। हंगामा बढ़ने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। पति के मुताबिक, रानी ने साफ कहा कि वह उसके साथ नहीं रहना चाहती और अपने प्रेमी को नहीं छोड़ सकती।

28 जुलाई को मायके चली गई पत्नी

विवाद के बाद 28 जुलाई को रानी मायके चली गई। अब अभिनव ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर मामले में कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि पत्नी और उसके परिवार की ओर से उन्हें और उनके परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है।

सास ने भी लगाए गंभीर आरोप

अभिनव की मां निशा खंडेलवाल का कहना है कि शादी का पूरा खर्च उनके परिवार ने उठाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि बहू के प्रेम संबंध की जानकारी मिलने के बाद जब उसके परिवार को बताया गया तो उल्टा उन्हें ही जेल भिजवाने की धमकी मिलने लगी। उनका आरोप है कि एक लाख रुपये नहीं देने पर पूरे परिवार को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जा रही है।

Location :  Ghaziabad

Published :  17 September 2026, 5:37 PM IST